गाजियाबाद। जीडीए के प्रवर्तन जोन-8 में तैनात सुपरवाइजर शेर सिंह को कार्य में लापरवाही बरतने और भ्रष्टाचार के कारण जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। नदीम पुत्र नसीम ने सबलूगढ़ी रोड जमालपुरा लोनी में अवैध निर्माण की शिकायत जीडीए उपाध्यक्ष से की थी। सुपरवाइजर पर अवैध निर्माण कराने के संबंध में रिकॉर्डिंग भी दिखाई। जीडीए उपाध्यक्ष ने इस मामले को गंभीरता से लेकर सचिव संतोष कुमार राय से जांच कराकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सचिव ने प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी ओएसडी संजय कुमार से इसकी जांच कराई। प्रभारी ने विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपी। जांच में पुष्टि हुई कि सुपरवाइजर शेर सिंह द्वारा अवैध निर्माण कराने के लिए निर्माणकर्ता से बातचीत की गई। इसकी एवज में घूस ली गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर जीडीए उपाध्यक्ष ने तत्काल कठोर कार्रवाई कर सुपरवाइजर शेर सिंह को निलंबित कर दिया। इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
















