हरित पट्टी और 50 पार्कों की बदलेगी सूरत, दीपावली से पहले जीडीए कराएगा काम

गाजियाबाद। दीपावली पर्व से पहले जीडीए ने विशेष मुहिम की शुरुआत की है। इसके तहत पार्क और हरित पट्टी को खूबसूरत बनाने के साथ-साथ लाइटों से रोशन किया जाएगा। इसके लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। जीडीए उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर उद्यान अनुभाग ने पार्कों का सौंदर्यीकरण एवं हरित पट्टी को खूबसूरत बनाने का जिम्मा संभाला है। यह काम शुरू कर दिया गया है। जीडीए के उद्यान प्रभारी एस.के. भारती ने बताया कि दीपावली पर्व से पहले 50 पार्कों के अलावा हरित पट्टी में सुधार करने का बीड़ा उठाया गया है।

निर्धारित अवधि में यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि लगभग एक करोड़ रुपए की लागत से पार्कों एवं हरित पट्टी का सौंदर्यीकरण करने के अलावा प्रकाश व्यवस्था को सुधारा जाएगा। इन पार्कों की देखरेख, साफ-सफाई, पेड़-पौधों की छंटाई, दीवारों पर पुताई के अलावा हरित पट्टी में घास कटाई, छंटाई एवं सुंदर बनाने के लिए सफाई व्यवस्था आदि दुरूस्त कराई जाएगी। इन कार्यों को कराने के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं।

टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के बाद ठेकेदारों से यह कार्य कराए जाएंगे। उद्यान प्रभारी ने बताया कि दीपावली पर्व से पहले लगभग यह कार्य पार्कों एवं ग्रीन बेल्ट में पूर्ण कराए जाएंगे। जीडीए के इन पार्कों में मधुबन-बापूधाम योजना में सिटी पार्क के अलावा इंद्रप्रस्थ योजना, इंदिरापुरम के स्वर्ण जयंतीपुरम समेत 50 पार्कों में सौंदर्यीकरण कार्य होना है।