गीला एवं सूखा कूड़ा अलग-अलग करने के लिए शहरवासियों को जागरूक करने में जुटा नगर निगम

नागरिकों के सहयोग से सुधरेगी सफाई व्यवस्था : डॉ. नितिन गौड़

गाजियाबाद। शहर को साफ-सुथरा और खूबसूरत बनाने के लिए नगर निगम कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहा है। नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) की टीम कचरा पृथक्करण योजना पर गंभीरता से काम कर रही है। इसके तहत नागरिकों को गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग करने को प्रेरित किया जा रहा है। नागरिकों के जागरूक होने से कूड़ा निस्तारण का काम और ज्यादा आसान हो सकेगा। एसबीएम नोडल अधिकारी एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार ने बताया कि शहर में जितना अधिक जन जागरूकता अभियान कचरा पृथक्करण को लेकर चलाया जाएगा।

उतना ही लाभ निगम योजनाओं का शहर को प्राप्त होगा। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए सिटी जोन अंतर्गत वार्ड संख्या-9 पटेल नगर सहित अन्य क्षेत्रों में भी आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ मिलकर कचरा अलग-अलग करने का अभियान चलाया गया। मौके पर डेमो देते हुए बताया कि गीला कचरा अलग डस्टबिन में तथा सूखा कचरा अलग डस्टबिन में डालना है। मौके पर न्यू आर्य नगर सुधार समिति संरक्षक ब्रह्मपाल गुर्जर, अध्यक्ष कुंवर पाल यादव, कोषाध्यक्ष सुमित शर्मा, उपाध्यक्ष संजय गौतम, उपस्थित रहे तथा निगम टीम का सहयोग किया। नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने बताया कि शहर में शहर वासियों को योजनाओं से अवगत कराना नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

क्योंकि योजनाओं को सफल बनाने में अहम भूमिका शहर वासियों की है। जिसके लिए निगम को अत्यधिक जन जागरूकता अभियान चलाना है। ताकि जन-जन तक संदेश जा सके की कचरा अलग अलग करने से अपने शहर को ही लाभ प्राप्त होगा। स्कूल में विद्यार्थियों के माध्यम से तथा आरडब्ल्यूए पदाधिकारी के साथ-साथ व्यापारी वर्ग भी इस मुहिम के अंतर्गत सहयोग करें। ताकि एक टीम के साथ मिलकर कचरा पृथक्करण अभियान को सफल बनाया जा सकें। नगर निगम द्वारा सभी जोनों में इसी प्रकार के अभियान रोस्टर अनुसार चलाया जा रहा हैं। ताकि शहर में सार्वजनिक स्थानों पर लगे हुए डस्टबिन, आने वाली कचरा गाड़ी में लगे डस्टबिन के माध्यम से भी अलग-अलग रंगों से दर्शाया गया है कि कचरे को अलग-अलग करके ही डस्टबिन में डालें।