स्वच्छता के साथ शहर की सुंदरता का भी रखें ध्यान: महेंद्र सिंह तंवर

शौचालय, पार्क एवं निर्माण कार्यो का नगर आयुक्त ने लिया जायजा
-स्वच्छता सर्वेक्षण-2022 मिशन के तहत कार्यो का निरीक्षण

गाजियाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण-2022 मिशन के तहत शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यो की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है। नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों का नगर आयुक्त ने निगम अधिकारियों के साथ निरीक्षण करते हुए कार्यो का जायजा लिया।
नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को निगम अधिकारियों के साथ सिटी जोन, विजय नगर जोन की शौचालय, पार्क एवं निर्माण कार्यो की व्यवस्था का जायजा लिया।

नगर आयुक्त ने सिटी जोन कालका गढ़ी स्थित शौचालयों का जायजा लिया। जिसमें मौके पर मरम्मत कार्य की आवश्यकता पाई गई। जिसके लिए शहर के समस्त शौचालय में छोटी-मोटी कमियों को पूरा करने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश को 2 दिन का समय दिया गया। विजय नगर जोन में नाले की सफाई व्यवस्था को लेकर तत्काल प्रभाव से कार्य करने के लिए एसएफआई नरेश को निर्देश दिए। पार्कों की सफाई व्यवस्था का जायजा सिटी जोन नंदग्राम के अंतर्गत उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह समेत पार्कों का जायजा लिया।

जिसमें प्रकाश व्यवस्था सुचारू करने के लिए निर्देश दिए। पार्कों में स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के मानकों के अनुरूप समस्त व्यवस्थाओं को सुचारू करने के लिए भी निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता निर्माण अधिकारी एनके चौधरी को शहर में चल रहे समस्त निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने एवं कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देश दिए।

नगर निगम अधिकारियों के साथ-साथ स्वच्छ भारत मिशन टीम द्वारा शहर स्वच्छता को लेकर किए जा रहे कार्यों का भी जायजा लिया। विजय नगर, सिटी जोन, कविनगर जोन में चल रहे कचरा पृथक्करण अभियान को बढ़ावा देने के लिए निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के मानकों अनुरूप कार्यवाही में तेजी लाने के लिए संबधित जोनल प्रभारियों को आदेश दिए।

नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। अब लोगों की भागीदारी और जिम्मेवारी शुरू होती हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 शुरू हो चुका है। यह एक ऐसा सर्वे है, जिसमें देशभर के गांव, शहरों और कस्बों की स्वच्छता देखी जाती है। इसमें लोग भी सहयोग करें। लोगों के सुझाव और प्रश्नों के उत्तरों, यूजर चार्ज देने समेत अन्य चीजों को ध्यान में रखते हुए यह रैंकिंग अपने शहर को मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब शहर वासियों को अपने दायित्व का निर्वाह करना है।

नगर निगम ने तो अपने स्तर पर काम कर रहा है। निगम ने कचरे वाले स्थानों को गंदगी से राहत दिलाते हुए इनका सौंदर्यीकरण किया है। सोशल मीडिया पर भी अपडेट किए जा रहे हैं। बिना आप सभी के सहयोग से स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में अपना शहर नंबर 1 नही आ सकता है। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव भी उपस्थित रहे।