अयोध्या का राम मंदिर हिंदू समाज के लिए राष्ट्र निर्माण धरोहर: वीके सिंह
3 हजार स्थानीय सक्रिय लोगों की टोली ने किया समर्पण निधि एकत्र
गाजियाबाद। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान की शुक्रवार से शुरुआत हो गई है। भव्य राम मंदिर निर्माण में सबकी भागीदारी हो सके, इसी को लेकर महा अभियान की शुरुआत हुई है। जनपद में 3 हजार स्थानीय सक्रिय लोगों की टोली ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के घरों में जाकर राममंदिर निर्माण के लिये समर्पण निधि एकत्रित करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को मकर सक्रांति के पावन पर्व पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान की शुरूआत मेयर आशा शर्मा, स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह, मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी, साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, सांसद पुत्री मृणालिनी सिंह ने स्थानीय लोगों से घर-घर जाकर मुलाकात कर भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए समर्पण निधि एकत्रित करते हुए किया।
मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी ने प्राण घड़ी, मालीवाडा में जाकर समर्पण निधि एकत्र कर ट्रस्ट की ओर छापी गए कूपन और रसीद दिया। इस दौरान अभियान में लगे लोगों का स्थानीय लोगों ने पुष्पों द्वारा स्वागत किया। विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि वह स्वयं को अत्यंत सौभाग्यशाली मानते हैं क्योंकि सदियों से श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण संघर्ष के उपरांत हमारी पीढ़ी को यह शुभ अवसर मिला है। 500 वर्षों के संघर्ष और कई पीढिय़ों के शहादत के बाद हम लोगों के समय में श्री राम जन्मभूमि पर अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण होने जा रहा है। हम सौभाग्यशाली हैं कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण होते देख रहे हैं।
संपूर्ण रामभक्त जनमानस के सहयोग से भव्य राम मंदिर निर्माण हो यही श्री राम जन्मभूमि मंदिर पुनर्निर्माण हेतु संघर्ष में अपने जीवन को बलिदान कर देने वाले संत हुतात्माओ को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह ने सुबह कृष्णा नगर और शाम को गंगानगर में इस अभियान को आरंभ किया और जन-जन से अपना समर्पण निधि समर्पण सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने नंद नगर क्षेत्र में अभियान आरंभ किया। साहिबाबाद विधायक ने कहा सांस्कृतिक विरासत कमजोर होने पर बौद्धिक और आध्यात्मिक के साथ आत्मिक दृष्टि भी कमजोर हो जाती हैं।
राम एक ऐसे महापुरुष थे जिनका संपूर्ण जीवन साहस और धैर्य से भरा है। उनसे हमें शिक्षा लेनी चाहिए। संत ने बताया कि वेदों से उपनिषद उपनिषद से पुराण और भगवान श्री राम संपूर्ण मानवता के उद्धारक थे। राम संपूर्ण जगत के है जो उदहारण श्री राम ने सबरी के झूठे बेर खाकर दिया था आज वही सभी वर्ग के रामभक्तो द्वारा निर्माण निधि समर्पण से राम मंदिर निर्माण से होगा। संघ के वरिष्ठ अधिकारी, विभाग प्रचारक प्रवीर ने रजापुर क्षेत्र में अभियान का सबका मंदिर, सबके राम वाली भावना लोगों के मन में स्थापित कर इस अभियान का आरंभ किया। आप सब सामर्थ से बढ़कर भगवान के चरणों में समर्पित हो जाएं। अयोध्या का राम मंदिर हिंदू समाज के लिए राष्ट्र निर्माण धरोहर और हिंदू प्रतीक के रूप में जाना जाएगा। इस दौरान अभियान प्रमुख सुशील, सोमेन्द्र ढाका, पार्षद राजीव शर्मा समेत हजारों कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से समर्पण निधि एकत्रित किया।
बता दें कि अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण के लिए श्रीराम जन्मभूमि निधि समर्पण सहयोग समिति का गठन हो गया है। 15 जनवरी से 27 फरवरी के बीच श्रीराम मंदिर के भव्य निर्माण के लिए घर-घर जाकर सहयोग समर्पण निधि कार्यक्रम शुरू हो गया है। जनपद में 3 हजार स्थानीय सक्रिय लोगों की टोली को शामिल किया गया है। जबकि श्रीराम जन्मभूमि निधि समर्पण सहयोग समिति के अध्यक्ष महंत नारायण गिरी महाराज, स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल एवं हरि प्रसाद संरक्षक के रूप में शामिल है। आर्थिक पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ट्रस्ट की ओर से 10 रुपये, 100 रुपये, 1000 रुपये के कूपन व रसीदें छापी गई हैं। जो जितना दान करेगा, उसी के अनुरूप कूपन या रसीद दिया जा रहा हैं।
















