वन महोत्सव की शुरुआत, जल्द हरा-भरा दिखाई देगा कूड़े का पहाड़

गाजियाबाद। नगर निगम ने शहर में वन महोत्सव की शुरुआत कर दी है। सबसे पहले सिद्धार्थ विहार में पौधरोपण किया गया। खास बात यह है कि कूड़े के पहाड़ पर पौधे रोपित कर इस कार्यक्रम का आगाज किया गया। सिद्धार्थ विहार में पांच लाख टन कूड़े का पहाड़ बन चुका है। वहां निकट भविष्य में हरियाली देखने को मिलेगी। मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने संयुक्त रूप से पौधरोपण किया।

 

नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि पहले संबंधित विभाग द्वारा कूड़े के पहाड़ों को हटवाया गया। अब कूड़े से तैयार खाद का का इस्तेमाल पौधरोपण में किया जाएगा। वन महोत्सव की शुरुआत में पौधरोपण किया गया है। आने वाले समय में हजारों की संख्या में वृक्ष इस स्थान की हरियाली बढ़ाएंगे, जिससे पर्यावरण में सुधार होगा। इस मौके पर उप्र सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री नरेंद्र कश्यप भी मौजूद रहे। मेयर ने शहर में ऑक्सीजन की कमी ना हो, उसके लिए नगर निगम की रिक्त पड़ी भूमि पर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए निर्देश दिए।

साथ ही शहरवासियों से भी वन महोत्सव के साप्ताहिक दिवस के अंतर्गत अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की गई। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार ने बताया कि मेयर एवं नगरायुक्त के निर्देश पर शहर में वन महोत्सव के अंतर्गत 1 से 7 जुलाई तक वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम होने हैं।

 

प्रथम चरण में सिद्धार्थ विहार में मियावाकी पद्धति से पौधरोपण किया गया। सिद्धार्थ विहार में कूड़े कचरे के पहाड़ को हटाकर समतल कराया गया। जिस पर पौधा रोपित की शुरुआत की गई। आने वाले समय में यह स्थान हरा-भरा दिखाई देगा। उधर, सेक्टर-23 संजय नगर के पार्क में स्वतंत्र प्रभार मंत्री नरेंद्र कश्यप द्वारा पौधरोपण कर जन- जागरूकता अभियान चलाया गया। नगर निगम अधिकारियों के साथ-साथ सभी पार्षदों ने भी अपने अपने क्षेत्र में जनता के साथ मिलकर वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण में सहयोग की अपील की।