फिल्म सिटी प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने की तैयारी, यमुना प्राधिकरण के प्रयास तेज

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में विश्व स्तरीय फिल्म सिटी के लिए प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में फिल्म सिटी के लिए टेंडर निकाले गए हैं। फिलहाल एकमात्र कंपनी ने टेंडर डाला है। चार जुलाई को टेंडर खोले जाएंगे। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में फिल्म सिटी को विकसित किया जाना है। इसके लिए लंबे समय से प्रयास चल रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी गंभीर हैं। इस बीच यमुना प्राधिकरण ने फिल्म सिटी के लिए टेंडर निकाले हैं।

 

हालांकि टेंडर प्रक्रिया में सिर्फ एक कंपनी ने रूचि दिखाई है। तय नियमों के मुताबिक एक हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजना में एक टेंडर आने पर भी काम दिया जा सकता है, मगर इसकी अनुमति राज्य मंत्रिपरिषद को देनी होगी। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में एक हजार एकड़ में फिल्म सिटी को विकसित किया जाएगा। यह प्रोजेक्ट तीन चरण में धरातल पर उतरना है। विकासकर्ता कंपनी का चयन करने के लिए यमुना प्राधिकरण की ओर से ग्लोबल टेंडर निकाले गए थे। टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि तीस जून थी। फॉक्स स्टूडियो, कंसोर्सियम में शामिल यूनिवर्सल स्टूडियो, एलएंडटी समेत चार कंपनियों ने टेंडर खरीदे थे, मगर एकमात्र कंपनी ने टेंडर जमा किया है।

अब चार जुलाई को तकनीकी निविदा खोली जाएगी। तीन टेंडर आने पर ही कार्य का आवंटन होता है, मगर नियमों के मुताबिक एक हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजना में एक ही टेंडर पर काम दिया जा सकता है, मगर यह अनुमति प्रदेश की कैबिनेट देती है। अब चार जुलाई के बाद इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।