गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा नालों के ऊपर बनाए गए रैंप को जेसीबी चलाकर ध्वस्त कर दिया। शुक्रवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर विजयनगर जोन क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त ने जोनल प्रभारियों और प्रवर्तन दल प्रभारी को निर्देश दिए कि अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए तत्काल कार्रवाई करें। विजयनगर जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी एवं प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण ने प्रवर्तन दस्ते और पुलिस की मौजूदगी में विजयनगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
इसके तहत भवनों के सामने नाले-नालियों के ऊपर डाले गए रैंप को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया।नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि इसी प्रकार वसुंधरा जोन क्षेत्र में रामपुरी, विजयनगर जोन क्षेत्र में सेक्टर-9, सेक्टर-11, मोहन नगर जोन क्षेत्र में राजेंद्र नगर और अर्थला व सिटी जोन क्षेत्र में नंदग्राम, पटेल नगर और कविनगर जोन क्षेत्र में चिरंजीव विहार की प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी।
इनमें नाले-नालियों पर बनाए गए रैंप,सोसायटी के गेट,अवैध रूप से सरकारी जमीन पर की गई बाउंड्रीवाल, पक्के निर्माण को हटाया जाएगा। ग्रीन बैल्ट, पार्क, सेंट्रल वर्ज आदि पर अतिक्रमण हटाया जाएगा। विजयनगर जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि वार्ड-15 चरण सिंह कॉलोनी में ग्रीन बैल्ट, नाले के ऊपर बनाए गए रैंप आदि को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। दुकानदारों को चेतावनी देते हुए अवैध अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई।
















