डॉगी को बचाने पहुंची बच्ची की मौत

गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुरम स्थित गौर होम्स सोसायटी की 9वीं मंजिल पर खेलते वक्त रेलिंग के जाल में फंसे डॉगी को निकालने गई 12वर्षीय छात्रा की 9वीं मंजिल से नीचे गिरने से मौत हो गई। परिवार में माता-पिता की इकलौती बेटी थी। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। परिजनों के लिखित में देने पर बच्ची के शव का पोस्टमार्टम बिना कराए ही पुलिस ने शव सौंप दिया।
गौर होम्स सिटी सोसायटी के फ्लैट नंबर-983 में ललित मोहन शर्मा,पत्नी और बेटी ज्योत्सना शर्मा (12) के साथ रहते है। ललित मोहन नोएडा की कंपनी में नौकरी करते है। गोविंदपुरम स्थित देहरादून पब्लिक स्कूल में ज्योत्सना शर्मा 7वीं कक्षा की छात्रा थीं। बुधवार दोपहर करीब 12:15 बजे वह अपने डॉगी के साथ सोसायटी में अपने फ्लैट की 9वीं मंजिल पर खेल रही थी। खेलते वक्त डॉगी रेलिंग के जाल में फंस गया। उसे निकालने के चक्कर में वह और डॉगी दोनों ही 9वीं मंजिल से नीचे गिर गये। पिल्ला तो बच गया। मगर ज्योत्सना के नीचे गिरने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद सोसायटी में मातम छा गया। हर कोई सदमे में है। कविनगर थाना प्रभारी संजीव शर्मा ने बताया कि 9वीं मंजिल से नीचे गिरने से ज्योत्सना शर्मा की मौत हुई। इस मामले में परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई। परिजनों के लिखित में देने के बाद उन्हें बच्ची का शव सौंप दिया गया। रेलिंग में पिल्ले के फंसने के बाद उसे निकालने के दौरान ही यह हादसा हुआ। ललित मोहन शर्मा की ज्योत्सना इकलौती बेटी थी। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।