गाजियाबाद। स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) के तहत नगर निगम के अधिकारी और पार्षद भी अह्म भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। शहर को साफ-सुथरा और खूबसूरत बनाने के लिए वह हरसंभव प्रयास करते दिखाई देते हैं। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर संबंधित अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में जाकर स्वच्छता कार्य का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने पार्कों में निरीक्षण किया। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के अंतर्गत मानक अनुरूप पार्कों की व्यवस्था को देखा गया। विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ पार्षदों का भी विशेष सहयोग स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में मिल रहा है।
पार्षदों द्वारा भी शहर का निरीक्षण किया जा रहा है। पार्षद यशपाल पहलवान ने वार्ड संख्या-10 के पार्कों का निरीक्षण उद्याान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह के साथ किया। पार्षद पहलवान ने इस दौरान पार्कों की असुविधा के विषय में भी अवगत कराया। इसका तत्काल संज्ञान लेकर मोहन नगर जोन की उद्यान टीम द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण मानकों के अनुरूप कार्यवाही शुरू कर दी गई है। मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा शहर को बेहतर बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।
इसके अलावा पार्षदों से भी अपील की गई है कि वह स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में सहयोग कर बेहतर प्रयास करें ताकि नागरिकों के सहयोग से अबकी बार गाजियाबाद को नंबर वन लाया जा सके। सफाई की बात हो या प्रकाश की या फिर उद्यान विभाग संबंधित कोई विषय हो, सभी पार्षदों का विशेष यहयोग अधिकारियों को मिल रहा है।
















