-चिरंजीव विहार में पहली बार कूड़े का निस्तारण
गाजियाबाद। नगर निगम ने रेलवे विभाग से समन्वय स्थापित कर कूड़ा निस्तारण समस्या समाधान करा दिया है। इससे नागरिकों को काफी राहत मिली है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा शहर के निरीक्षण के क्रम में अनेकों समस्याओं का जायजा लिया जाता है तथा नियमानुसार उनका समाधान कर क्षेत्रवासियों को सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। नगरायुक्त तंवर को प्रतिदिन सैकड़ों शिकायतें ईमेल, व्हाट्सएप, ट्विटर, कॉल अन्य माध्यम के साथ-साथ समाचार पत्रों के माध्यम से भी प्राप्त होती हैं। जिनका संज्ञान लेकर सप्ताहभर के अंदर समाधान कराए जाने की योजना बना रखी है। इस कार्ययोजना से कार्य किया जाता है। कुछ समस्याएं शहर की इस प्रकार निकल कर आती हंै, जिनकी किसी के द्वारा न तो सूचना उपलब्ध कराई जाती है न ही किसी प्रकार की शिकायत ही प्राप्त होती है। नगरायुक्त जोन वार अधिकारियों सहित शहर का जायजा लेते हैं।
इसी क्रम में 22 मई को भी कविनगर जोन का निरीक्षण किया गया। चिरंजीव विहार रेलवे लाइन स्थित कॉलोनी जहां पर पाया गया कि कई माह से कचरे के ढेर लगे हैं, जिसकी किसी भी प्रकार से शिकायत या सूचना गाजियाबाद नगर निगम को प्राप्त नहीं कराई गई। नगरायुक्त द्वारा संबंधित कचरे के निस्तारण के बारे में नगर स्वास्थ्य अधिकारी से पूछा गया तो पता लगा कि रेलवे विभाग द्वारा साफ कराने पर 2 बार नगर निगम कर्मचारियों पर जुर्माना किया जा चुका है। नगरायुक्त द्वारा रेलवे विभाग से समन्वय स्थापित कर दिनांक मंगलवार को चिरंजीव विहार रेलवे लाइन से समस्त कूड़े का निस्तारण कराया गया तथा फैलने वाली महामारी से क्षेत्रवासियों को बचाया गया। चिरंजीव विहार रेलवे लाइन स्थित कॉलोनी वासियों ने नगर निगम के इस कार्य की प्रशंसा की। साथ ही नगरायुक्त द्वारा अन्य अधिकारियों को भी इस प्रकार की समस्या के बारे में जो निगम से अलग विभाग से संबंधित है, उनके बारे में सूचित करने के लिए निर्देशित किया ताकि समस्याओं का समाधान अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर कराया जा सके और क्षेत्रवासियों को उसका लाभ प्राप्त हो।
















