-चुनाव कार्यक्रम जारी, 26 जून से होंगे नामांकन
गाजियाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने के लिए इंतजार कर रहे अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों का अब इंतजार खत्म हो गया। आगामी 3 जुलाई को जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होगा। प्रदेश के राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने चुनाव संबंधी कार्यक्रम की अधिसूचना जारी कर दी है। निर्वाचन आयोग के अनुसार 26 जून को सुबह 11 बजे से 3 बजे नामांकन दाखिल किए जाएंगे। जबकि शाम 3 बजे के नामांकन पत्रों की जांच होगी। नामांकन वापिसी 29 जून को होगी। आगामी 3 जुलाई को सुबह 11 बजे से 3 बजे तक मतदान होगा। उसी दिन तीन बजे के बाद रिजल्ट घोषित किया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आज यानि कि 16 जून को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। अध्यक्ष पद के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी की कोर्ट रूम संख्या-102 में नामांकन दाखिल किए जाएंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए जिलाधिकारी रिटर्निंग ऑफिसर होंगे। जबकि एडीएम प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतु सुहास सहायक रिटर्निंग ऑफिसर होगी। कलेक्ट्रेट में होने वाले नामांकन दाखिल को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है नामांकन एवं मतदान शांतिपूर्ण तरीके से कराए जाएंगे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नामांकन और मतदान कराया जाएगा। प्रत्याशी और उसके प्रस्तावक ही नामांकन के दौरान कक्ष मेें आ सकेंगे। बता दें कि जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की तारीख घोषित होते ही राजनीतिक दलों में चहल-पहल बढ़ गई है। भाजपा ने जहां ममता त्यागी का जिला पंचायत अध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं,सपा और रालोद की संयुक्त प्रत्याशी के रूप में धौलाना के विधायक मोहम्मद असलम चौधरी की पत्नी नसीम बेगम को बनाया है। बसपा ने अभी तक जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवार को लेकर नाम के पत्ते नहीं खोले हैं। जबकि जिला पंचायत सदस्य के रूप में सर्वाधिक बसपा के 5 सदस्य चुनाव जीतकर आए है। भाजपा जहां 2 सदस्य के बल पर अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने का सपना देख रही है। वहीं,सपा-रालोद के तीन-तीन सदस्य होने के चलते इनके पास 6 सदस्य हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीतने के लिए उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन एवं भाजपा के प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने गाजियाबाद पहुंचकर राज्यसभा सदस्य डॉ.अनिल अग्रवाल, महापौर आशा शर्मा, मोदीनगर विधायक डॉ.मंजू सिवाच, मुरादनगर विधायक अजित पाल त्यागी, लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल व महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के साथ बैठक कर जीत की रणनीति बनाई।
















