स्ट्रीट वेंडर्स के लिए नोएडा प्राधिकरण ने कराया ड्रॉ

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण द्वारा मंगलवार को पथ विक्रेताओं (स्ट्रीट वेंडर्स) के लिए ड्रॉ प्रक्रिया कराई गई। इंदिरा गांधी कला केंद्र सेक्टर-6 नोएडा में आयोजित ड्रॉ प्रक्रिया में 358 पथ विक्रेताओं ने शिरकत की। सफल आवेदकों की सूची जल्द जारी कर दी जाएगी। उधर, वेंडिंग जोन समिति ने ड्रॉ पर सवाल उठाए हैं। पथ विक्रेताओं को काफी समय से ड्रॉ का इंतजार था। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर आने और लॉक डाउन लागू होने के कारण यह प्रक्रिया नहीं कराई जा सकी थी। कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने और अनलॉक प्रक्रिया आरंभ होने के बाद नोएडा प्राधिकरण ने इस संबंध में कदम उठाया है। नोएडा प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) इंदु प्रकाश ने बताया कि वर्क सर्किल-1 क्षेत्र के 19, वर्क सर्किल-2 के 300, वर्क सर्किल-3 के 2 व 9 के 32 पथ विक्रेताओं के लिए ड्रॉ कराया गया। ड्रॉ में पूरी पारदर्शिता बरती गई। ओएसडी ने बताया कि 17 जून तक सभी सफल आवेदकों की सूची जारी कर दी जाएगी। इसके बाद संबंधित पथ विक्रेता फीस जमा कर लाइसेंस ले सकेंगे। ड्रॉ में पर्ची का प्रयोग किया गया। उधर, वेंडिंग जोन कमेटी के अध्यक्ष श्याम किशोर गुप्ता ने ड्रॉ प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि प्राधिकरण ने ड्रॉ में शामिल पथ विक्रेताओं की सूची टाउन वेंडिंग कमेटी को नहीं दी। ऐसे में धांधली किए जाने की आशंका है।