जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस संग किया निरीक्षण, नए कट और यू-टर्न पर बनी रणनीति
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की सड़कों पर रोजाना लगने वाले जाम से अब लोगों को जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कवायद शुरू कर दी है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के सख्त निर्देश पर बुधवार को जीडीए अधिकारियों और एडीसीपी ट्रैफिक सच्चिदानंद ने अपनी टीमों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया और सड़क जाम से निजात दिलाने के लिए व्यापक मंथन किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चीफ इंजीनियर आलोक रंजन के नेतृत्व में सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला, ट्रैफिक विभाग के एसीपी और ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत पूरी टीम मौजूद रही। टीम ने मौके पर जाकर जाम की समस्या का गहन अध्ययन किया और इस पर ठोस कदम उठाने की दिशा में चर्चा की। तय हुआ कि कई जगहों पर अनावश्यक यू-टर्न बंद किए जाएंगे, कुछ कटों को शिफ्ट किया जाएगा और कुछ स्थानों पर नए कट और यू-टर्न विकसित किए जाएंगे। जीडीए अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही सड़कों का नया डिजाइन तैयार कराया जाएगा, ताकि जाम की समस्या का स्थाई समाधान किया जा सके। ट्रैफिक पुलिस और जीडीए की संयुक्त रणनीति का मकसद है कि राजनगर एक्सटेंशन में सुचारू और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। जीडीए इस समय राजनगर एक्सटेंशन में कई बड़े सड़क निर्माण कार्य भी कर रहा है। लगभग 36 करोड़ रुपये की लागत से 18 मीटर और 24 मीटर चौड़ी बंधा रोड को नूरनगर से जोडऩे वाली सड़क का निर्माण तेजी से चल रहा है।
नई सड़कों से मिलेगा जाम से स्थायी समाधान
इसके अलावा डी-सेक्टर से आउटर रिंग रोड को जोडऩे वाली सड़क और हम-तुम रोड के निर्माण का टेंडर जारी कर दिया गया है। साथ ही, कई अन्य जोनल आउटर रिंग रोड परियोजनाओं पर भी काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन सड़कों के बन जाने के बाद राजनगर एक्सटेंशन की जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी और लोगों को राहत की सांस मिलेगी।
उपाध्यक्ष अतुल वत्स की सख्त निगरानी
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स लगातार इस मामले की निगरानी कर रहे हैं और उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि लोगों को जाम से स्थायी राहत दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान यह भी तय किया गया कि कार्य की प्रगति पर नियमित समीक्षा होगी और समयसीमा के भीतर सभी निर्माण कार्य पूरे किए जाएंगे। राजनगर एक्सटेंशन के लोगों को अब उम्मीद है कि लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या जल्द ही बीते दिनों की बात बन जाएगी और क्षेत्र में यातायात पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।
राजनगर एक्सटेंशन गाजियाबाद का महत्वपूर्ण आवासीय क्षेत्र है। यहां रहने वाले लोगों को जाम की समस्या से जल्द ही राहत दिलाना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। जीडीए और ट्रैफिक पुलिस मिलकर ठोस रणनीति पर काम कर रहे हैं। सभी निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे होंगे और आने वाले समय में यहां की सड़कें न केवल जाममुक्त होंगी बल्कि यातायात और भी सुरक्षित और सुगम होगा। राजनगर एक्सटेंशन के लोगों को अब उम्मीद है कि लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या जल्द ही बीते दिनों की बात बन जाएगी और क्षेत्र में यातायात पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।
अतुल वत्स
जीडीए उपाध्यक्ष
















