अखिलेश यादव की नीतियों पर व्यापारियों को भरोसा: संजय गर्ग

-सपा व्यापार सभा ने मेरठ मंडलीय व्यापारी सम्मेलन का किया आयोजन
-भाजपा शासन से व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल: राकेश यादव
-भाजपा सरकार की नीतियों से काम-धंधा सब हुआ चौपट: प्रेमचंद गुप्ता

गाजियाबाद। पहले नोटबंदी और जीएसपी और उसके बाद लॉकडाउन से व्यापारी वर्ग की कमर टूट चुकी है और परेशान व्यापारी अब सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं लेकिन भाजपा सरकार सुनने को राजी नहीं है। बल्कि उनका शोषण करती आ रही है। यह बातें समाजवादी पार्टी पार्टी द्वारा इंपीरियल फार्म हाउस में आयोजित मेरठ मंडलीय व्यापारी सम्मेलन में मुख्य अतिथि समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष विधायक संजय गर्ग ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने मेरठ मंडल के विभिन्न जिलों से आए व्यापारियों से सपा की नीतियों को बाजार-बाजार तक पहुंचाने का आग्रह किया। प्रदेश में जगह जगह समाजवादी पार्टी द्वारा व्यापारियों के सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमें से गाजियाबाद में 16वा. मंडलीय सम्मेलन आयोजित किया गया।

अतिथि एमएलसी राकेश यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में व्यापारी अब समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का मन बना चुका है व्यापारियों को अखिलेश यादव की नीतियों पर ज्यादा भरोसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन से व्यापारी डरा हुआ है, कोरोना काल में व्यापारी जहां आर्थिक रूप से टूट गया वही हताशा और निराशा का माहौल व्यापारियों में है। बीजेपी की तरफ से व्यापारियों को कोई राहत प्रदान नहीं की गई है। अब व्यापारी समाजवादी के मुखिया अखिलेश यादव की नीतियों मैं विश्वास व्यक्त कर रहा है। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी ने जो वादे किए थे, उनको न निभाकर उसने लोगों का भरोसा तोड़ा है। ब्रांडिंग और मार्केटिंग की राजनीति में माहिर भाजपा सरकार से समाज का हर वर्ग परेशान है और ऊबा हुआ है। उन्होंने कहा कि जनता अब अपना निर्णय मतदान के दिन देगी। 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार आएगी तो निश्चित व्यापारियों के हित के कार्य होंगे और उत्तर प्रदेश में कृषि बिल लागू नहीं किया जाएगा।

समाजवादी व्यापार सभा के जिला अध्यक्ष प्रेमचंद गुप्ता ने कहा व्यापारी समाज में काम करना चाहता है, लेकिन भाजपा सरकार की नीतियों के चलते उसका काम-धंधा सब चौपट होता जा रहा है और बेरोजगारों की फौज का विस्तार होता जा रहा है। भाजपा सरकार के राज में दुकानदारी, कारोबार और व्यापार सब बर्बाद हो चुका है। करोड़ों व्यापारी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का शिकार होकर अपने घर के गहने और जेवर गिरवी रखने को मजबूर हो रहे हैं। व्यापारियों का भरोसा समाजवादी पार्टी पर है और प्रदेश का व्यापारी अब सपा को सत्ता में बैठाने के लिए तैयार है। इस दौरान जिला अध्यक्ष राशिद मलिक, महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी ने भी व्यापारियों से समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष मनीष मित्तल, वरिष्ठ नेता अभिषेक गर्ग, नरेश बत्रा, विष्णु कुमार गुप्ता, विकास जैन, नदीम खान, राजीव गर्ग, फुरकान कुरेशी, मैनपाल अधाना, अभय शर्मा, मोहम्मद गालीब, आकाश अग्रवाल, विकास जैन सहित बड़ी संख्या में व्यापार सभा और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।