कोरोना के दो साल बाद हाफ मैराथन में दौड़ेंगे गाजियाबाद के लोग, यशोदा हाफ मैराथन के द्वितीय सीजन का आगाज

फिट इंडिया अभियान से प्रेरित ‘यशोदा हाफ मैराथन में दिखने लगा जबरदस्त उत्साह, दो हजार से अधिक लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन
स्वस्थ रहने के लिए व सन्देश देने के लिए इस दौड़ का ह्रदय से ले आनंद: स्वतंत्र सिंह

गाजियाबाद। कोरोना महामारी के दो साल बाद यशोदा हाफ मैराथन के द्वितीय सीजन के लिए तैयार है, जो 13 नवंबर, 2022 के लिए घोषित की गई है। जिसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अभी तक बुढे, बच्चे, युवा से महिला समेत 2 हजार से अधिक लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। जिसकी शुरुआत यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल कौशांबी गाजियाबाद से होगी। बता दें कि कोविड-19 महामारी के कारण 2020 एवं 2021 में हाफ मैराथन का आयोजन नहीं हो पाया था। मगर इस बार आयोजित हॉफ मैराथन दौड़ को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखाई दे रहा है। मंगलवार को यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल कौशांबी में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान हॉस्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर व उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष डॉ पीएन अरोड़ा ने कहा कि गाजियाबाद ही नहीं उत्तर प्रदेश में इस प्रकार की बड़े लेवल की 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन दूसरे बार आयोजित हो रही है और इस में सभी की भागीदारी है। चाहें वो महिलाएं हों, बच्चे हों या डॉक्टर और उनके परिवार वाले या फिर बुजुर्ग हो।

डॉ अरोड़ा ने बताया कि यह हाफ मैराथन प्रधानमंत्री मोदी के फिट इंडिया- हिट इंडिया अभियान से भी प्रेरित है  और यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल कौशाम्बी से शुरू होकर हिंडन एलिवेटेड रोड पर जाएगी। तीन महीने से इस हाफ मैराथन के आयोजन की तैयारियां चल रही हैं एवं प्रशासन से पूर्ण अनुमति मिलने के बाद ही यह आयोजित हो रही है। इसमें मेडिकल पॉइंट, पब्लिक मोबाइल टॉयलेट, फिजियोथेरेपिस्ट की व्यवस्था, पानी एवं ऊर्जा पेय की उपलब्धता भी रहेगी। उन्होंने बताया दौड़ने के लिए किसी खास तकनीक की भी आवश्यकता नहीं होती। इससे ना केवल वजन नियंत्रित होता है बल्कि आप पर उम्र का असर भी देर से दिखाई देता है। आज की आरामतलब जीवनशैली में लोगों के पास व्यायाम के लिए समय नहीं। ऐसे में दौड़ना सबसे अच्छा व्यायाम है। दौड़ने से ना केवल मांसपेशियां मजबूत होती हैं, बल्कि शरीर भी फिट रहता है।

यशोदा हाफ मैराथन 2022 के अनावरण कार्यक्रम में सीओ इंदिरापुरम स्वतंत्र सिंह ने यशोदा हाफ मैराथन के फिनिशर पदक, टी शर्ट, सर्टिफिकेट एवं किट का अनावरण किया। उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे लोगों को स्वस्थ रहने के लिए सन्देश देने के लिए इस दौड़ का ह्रदय से आनंद लेते हुए दौड़ें। उन्होंने 450 से ज्यादा महिलाओं के भी इस दौड़ में हिस्सा लेने के लिए अत्यंत खुशी व्यक्त की एवं बच्चों के भी भाग लेने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा दौडऩे से आपके पूरी शरीर की एक्सरसाइज होती है। इसका सीधा संबंध आपके दिल, दिमाग, शरीर की मांसपेशियों से लेकर आपके ब्लड प्रेशर तक से है। दौड़ आपको सेहतमंद जिंदगी के करीब ले जाती है। दौडऩे से दिल बेहतर तरीके से काम करता है। टांगों की मांसपेशियों को ताकत मिलती है और वजन कम करने में भी दौड़ मददगार होती है। दौड़ हमारे मस्तिष्क की कार्यक्षमता में बढ़ोतरी करती है। फिट रहने के लिए अन्य व्यायाम की तुलना में दौडऩा सबसे अच्छा व्यायाम है।

74 वर्षीय पुरुष एवं 66 वर्षीय महिला व 8 वर्ष के बच्चे ने कराया रजिस्ट्रेशन
इस दौड़ में 74 वर्षीय पुरुष एवं 66 वर्षीय महिला भी भाग ले कर लोगों को बढ़ती उम्र में स्वस्थ रहने के लिए दौडऩे के लिए प्रेरित करेंगे। वहीं दूसरी ओर 8 वर्ष के बच्चे ने भी रजिस्ट्रेशन करा कर लोगों को स्वस्थ रहने का सन्देश देने का प्रण किया है। इस हाफ मैराथन के आयोजन का इंतजार लोगों को बेसब्री से था। दरअसल, कोरोना काल की वजह से दो साल तक इसका आयोजन नहीं हो सका। आम तौर पर हर साल इस इवेंट का आयोजन अक्टूबर और नवम्बर के बीच ही होता है। ऐसे में जब इस बार इसके आय़ोजन की जानकारी लोगों को मिली तो उन्होंने बढ़चढ़कर रजिस्ट्रेशन कराया। इस मैराथन में 2300 से ज्यादा लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। इस हाफ मैराथन में स्कूलों, कॉलेजों के बच्चे, बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों के अधिकारी, पैरामिलिटरी फोर्स, आर्मी के धावकों के साथ ही विदेशी धावक भी भाग लेने आते हैं। सबसे ज्यादा धावक ट्रांस हिंडन गाजियाबाद से आते हैं और हाफ मैराथन में उन्हीं का दबदबा रहता है।

यशोदा हाफ मैराथन कार्यक्रम विवरण
ओपन एवं रिपोर्टिंग टाइम सुबह 5 बजे, आयोजन स्थल यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल कौशांबी से शुरु होकर यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, कौशांबी में खत्म होगी। हाफ मैराथन (21 किमी) सुबह 5:40 बजे यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, कौशांबी से शुरू होकर हिंडन एलिवेटेड रोड से होते हुए वहीं खत्म होगी। 10 किमी रन सुबह 6 बजे यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, कौशांबी से शुरू होकर हिंडन एलिवेटेड रोड से होते हुए वहीं खत्म होगी। 5 किमी रन सुबह 6:20 बजे यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, कौशांबी से शुरू होकर हिंडन एलिवेटेड रोड से होते हुए वहीं खत्म होगी। 5 किमी वाकथॉन सुबह 6:30 बजे यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल से शुरू होकर वही खत्म होगी।