गुरुग्रंथ साहिब की छत्र छाया में नगर कीर्तन का बृज विहार में हुआ स्वागत

श्री गुरु ग्रंथ साहिब के आगे श्रद्धालुओं ने नवाया शीश

गाजियाबाद। सिक्ख समाज के पहले गुरु गुरुनानक देव के 553वें प्रकाशोत्सव पर मंगलवार को बृज विहार में नगर कीर्तन निकाला गया। गुरुद्वारा साहेब से दोपहर में शुरू हुए नगर कीर्तन में गुरुग्रंथ साहेब की छत्र छाया और पंचप्यारों की अगुवाई में कीर्तन की शुरुआत हुई। फूलों से सजी पालकी साहेब में श्रीगुरुग्रंथ साहेब को विराजित किया गया था। श्रद्धालुओं ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के आगे शीश नवाया और अपनी मनोकामनाएं मांगी। इसके साथ सिख संगत में शामिल महिला व युवतियों ने झाड़ू से साफ-सफाई का कार्य किया। नगर कीर्तन के दौरान पंज प्यारे व उनके सेवादार सहित सभी संगत का नगर के विभिन्न संगठनों द्वारा भव्य रुप से स्वागत किया गया।


कार्तिक पूर्णिमा के दिन प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाशोत्सव मनाया जाता है। देश ही नहीं दुनिया के हर कोने में बाबा नानक की महिमा का गुणगान किया जाता है। गुरु नानक देव जी के प्रकाशपर्व से पहले संगत आस्था में डूबी हुई है। बृज विहार युवा मोर्चा मंडल मंत्री शिवा राणा और राधा कुंड एसोसिएशन द्वारा नगर कीर्तन मंडली का प्रकाश पर्व पर सत्कार स्वागत किया गया। बृज विहार युवा मोर्चा मंडल मंत्री शिवा राणा ने कहा हमें गुरु साहब के जीवन से संदेश लेना चाहिए और देश, कौम और धर्म के लिए हर तरह की बलि देने के लिए तैयार रहना चाहिए।

युवाओं को विशेष तौर पर उनके जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा सिख गुरुओं का अपना एक गौरवशाली इतिहास है, देश और धर्म के लिए आत्म बलिदान देने की परंपरा रही है, वो आज भी नई प्रेरणा देती है, और समाज को ऊर्जा देती है।  जनकल्याण एवं विकास समिति राधाकुंज सोसायटी के उपाध्यक्ष यादराम चौधरी ने कहा जब मानवता खतरे में थी, बहन-बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहींं थी। स्वयं के अस्तित्व के लिए मानवता गुहार लगा रही थी। उस कालखंड में मानवता के कल्याण के लिए जो प्रकाश पुंज प्रकट हुआ, जिन्होंने मानवता कल्याण के लिए अपने उपदेशों के माध्यम से अपने जनजागरण अभियान के माध्यम से एक बड़े अभियान को अपने हाथों में लिया।

उन प्रकाश पुंज को हम गुरु नानकदेव जी के नाम से जानते हैं। इस दौरान लज्जावती, यशवंती सिंह, उषा चौधरी, अनुपमा सिंह सिसोदिया, बबीता राणा, मोनिका वशिष्ठ, निर्मला सीना, रेखा गुप्ता, सरला मौर्य, नीरजा सक्सेना, अनु झा, जनकल्याण एवं विकास समिति राधाकुंज सोसायटी के अध्यक्ष यशराज सिसोदिया, उमेश सक्सैना सचिव, विजेन्द्र भारद्वाज, सह-सचिव, राकेश शर्मा कोषाध्यक्ष, मोहित पांडे सह-कोषाध्यक्ष, सुभाष राणा, आजम खान, योगेन्द्र कुमार, कपिल राणा, विक्रम सिसोदिया, मुक्ति बौध, राजकुमार, राहुल गर्ग, अजय पांडे, डीसी चौधरी, रवि मोहन कपूर, वीपी सिंह, कालूराम आदि लोगों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के आगे शीश नवाकर आर्शीवाद लिया।