-पार्कों में सबमर्सिबल से पानी की आपूर्ति के साथ विकास कार्य पूरा करने के निर्देश
गाजियाबाद। चिलचिलाती गर्मी में शहर में पानी की निर्बाध रूप से आपूर्ति किए जाने और पार्कों में सबमर्सिबल से पानी की आपूर्ति के साथ विकास कार्यों को जल्द पूरा कराया जाए। यह बातें गुरूवार को मेयर आशा शर्मा ने नगर निगम में अपने कार्यालय में जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी आदि अधिकारियों एवं पार्षदों की मौजूदगी में बैठक के दौरान कहीं। मेयर ने नगर निगम अधिकारियों को निर्माण कार्य एवं गर्मी में पेजयल आपूर्ति व साफ-सफाई पर जोर देने के निर्देश दिए। मेयर ने बैठक में कहा कि लगातार पार्षदों द्वारा शहर में विकास कार्य शुरू न करने की बात कहीं जा रही हैं। उन्होंने निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी एवं जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्यों को शुरू कराने और पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से किए जाने के निर्देश दिए।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार को शहर में सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने के साथ-साथ उद्यान विभाग को पार्कों में सबमर्सिबल ठीक कराने के निर्देश दिए। ताकि गर्मी में पार्कों में घास एवं पेड़ पौधे न सूखे। इस दौरान पार्षद सरदार सिंह भाटी, पार्षद माया देवी, पार्षद अभिनव, पार्षद पति बलवंत सिंह संधू, पार्षद नरेश जाटव, पार्षद पति विनीत त्यागी, पार्षद बिजेंद्र चौहान आदि की मौजूदगी में अधिकारियों को जल्द कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
















