नगर विकास मंत्री ने टोल फ्री नंबर 1533 का शुभारंभ किया, वर्चुअल बैठक में संभव कार्यक्रम की समीक्षा

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने गुरुवार को नगर निगम अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान विशेष जन-सुनवाई कार्यक्रम संभव के विषय में जानकारी ली गई। नगर विकास मंत्री ने राज्यव्यापी टोल फ्री टेलीफोन सेवा 1533 का भी शुभारंभ किया। यह नंबर 24 घंटे और सप्ताह में सातों दिन काम करेगा। इससे नागरिकों को समस्याओं का निदान कराने में और आसानी हो सकेगी। नगर विकास मंत्री ने वर्चुअल बैठक के दरम्यान नगर निगम के विशेष जन-सुनवाई कार्यक्रम संभव के बारे में जानकारी प्राप्त की।

नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि वर्चुअल बैठक के दौरान नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने राज्यव्यापी टोल फ्री टेलीफोन सेवा 1533 का शुभारंभ किया गया। इसके अंतर्गत प्रदेश के सभी नगर निकाय प्रमुख, नगरायुक्त अपर नगरायुक्त एवं अन्य अधिकारियों को 1533 के शुभारंभ के संदर्भ में जानकारी दी गई। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने टोल फ्री नंबर 1533 की विस्तृत जानकारी नगर विकास मंत्री के समक्ष रखी गई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार गाजियाबाद नगर निगम शहरवासियों की समस्याओं को 24 घंटे एवं सप्ताह के सातों दिन निस्तारण करेगा।

नगरायुक्त ने यह भी कहा कि संभव कार्यक्रम के तहत जन-शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने की हरसंभव कोशिश की जा रही है। इसके अच्छे परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं। इस अवसर पर अपर नगरायुक्त शिव पूजन यादव, महाप्रबंधक जलकल आनंद त्रिपाठी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, अधिशासी अभियंता योगेंद्र यादव आदि मौजूद रहे। इसके अलावा नगर विकास मंत्री ने संभव कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निकायों को मार्क कि गई शिकायतों के निस्तारण के संबंध में भी समीक्षा की।