निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर नगर निगम ने दिखाई सख्ती
गाजियाबाद। शहर में गुणवत्ता परक निर्माण कार्य कराने के लिए नगर निगम बेहद गंभीर है। हिंडन विहार औद्योगिक क्षेत्र में निर्माण कार्य की गुणवत्ता सही नहीं मिली। ऐसे में कार्य को तत्काल रूकवा दिया गया। मौके पर बुलडोजर के जरिए खराब निर्माण को ध्वस्त भी कराया गया। नाली के निर्माण में पीली ईंटों का इस्तेमाल हो रहा था। संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर शहर में निर्माण कार्यों की निरंतर धरातल पर जांच कराई जा रही है।
गुणवत्ता में कमी मिलने पर तत्काल काम रूकवाने की कार्रवाई हो रही है। निर्माण विभाग के अवर अभियंता तथा अधिशासी अभियंता लगातार भ्रमण कर निर्माण की जांच-पड़ताल कर रहे हैं। मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी ने बताया कि हिंडन विहार औद्योगिक क्षेत्रों में निर्माण कार्य में गलत सामग्री का प्रयोग किए जाने की शिकायत मिली थी। वहां नाली के निर्माण कार्य में पीली ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
ठेकेदार प्रतीक कंस्ट्रक्शन को यह कार्य सौंपा गया है। शिकायत मिलने पर निर्माण विभाग की टीम ने मौके पर जाकर निर्माण कार्य को रूकवा दिया। इसके अलावा बुलडोजर के जरिए गलत निर्माण को ध्वस्त कराया गया है। ठेकेदार को नाली निर्माण में सही गुणवत्ता का माल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी गई है। हिंडन विहार औद्योगिक क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता निर्माण नागेंद्र शर्मा व सहायक अभियंता निर्माण देवी सिंह आदि मौजूद रहे। मुख्य अभियंता निर्माण का कहना है कि सहायक अभियंता तथा अवर अभियंता अपने-अपने क्षेत्र में जारी निर्माण कार्यों की प्रतिदिन की रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहे हैं। उधर, नगरायुक्त ने बताया कि नगर निगम सीमांतर्गत जारी निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की गुणवत्ता संबंधित लापरवाही मिलने पर ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। निर्माण विभाग की टीम को मौके पर जांच के आदेश भी दिए गए हैं ताकि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना हो सके।
















