नई दिल्ली। नए सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडेय ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। एमएस नरवणे की जगह उन्हें नया सेना प्रमुख बनाया गया है। वह इंडियन आर्मी के बेहद अनुभवी और पराक्रमी अधिकारी हैं। जनरल मनोज पांडे कॉर्प्स ऑफ इंजीनियर्स के पहले अधिकारी हैं, जिन्होंने सेना प्रमुख का पद संभाला है। एमएस नरवणे के स्थान पर मनोज पांडेय को नया सेना प्रमुख बनाने का फैसला लिया गया था। नए सेना प्रमुख ने शनिवार को कार्यभार संभाल लिया।
जनरल मनोज पांडे इससे पहले ईस्टर्न कमांड के कमांडिंग अधिकारी का दायित्व निभा चुके हैं। वह अंडमान एंड निकोबार कमांड के कमांडर इन चीफ भी रहे हैं। उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल मिल चुके हैं। जनरल मनोज पांडे जम्मू-कश्मीर में लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) पर 117 इंजीनियर रेजिमेंट का नेतृत्व भी कर चुके हैं। ऑपरेशन पराक्रम के दौरान वह रेजिमेंट कमांडर रहे थे। जनरल पांडे का जन्म डॉ. सीजी पांडे और ऑल इंडिया रेडियो में अनाउंसर और होस्ट रह चुकीं प्रेमा के यहां हुआ था।
उनका परिवार नागपुर से है। शुरूआती स्कूलिंग के बाद जनरल पांडे ने नेशनल डिफेंस अकेडमी ज्वाइन की। एनडीए के बाद उन्होंने इंडियन मिलिट्री एकेडमी जॉइन की तथा बतौर अफसर कमीशन लिया। उन्होंने विगत 3 मई 1987 को सरकारी डेंटल कॉलेज की गोल्ड मेडलिस्ट अर्चना सल्पेकर से शादी की थी। मनोज कुमार पांडे अपने पूरे करियर के दौरान कई अहम पदों पर बड़ी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वे कई क्षेत्रों में आतंकवाद विरोधी अभियानों में हिस्सा ले चुके हैं।















