गाजियाबाद। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने क्षेत्र में संचलित शराब की दुकान बंद होने और खुलने से पहले दोगुने दामों में शराब तस्करी करने वाले एक तस्कर को अवैध शराब समेत गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर लाइसेंसी शराब की दुकान से ही शराब खरीद लेता था और फिर दुकान बंद होने के बाद और खुलने से पहले उसी शराब को बेचता था।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ शनिवार को आबकारी विभाग की टीम द्वारा जिले में चलाएं जा रहे प्रर्वतन अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर दबिश एवं वाहनों की चेकिंग की गई। इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद मौर्य की टीम ने शनिवार सुबह कैला भट्टा, नवयुग मार्केट , दौलतपुरा, कोट गांव आदि स्थानों पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान अवैध रुप से शराब की बिक्री कर रहे दौलतपुरा से रोतास पुत्र सुरेश निवासी ग्राम समैना तातारपुर जनपद अलीगढ़ को गिरफ्तार किया गया।
जिसके कब्जे से 35 पव्वे शिल्पा ब्रांड देसी शराब यूपी मार्का बरामद किया गया। पकड़े गए तस्कर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए घंटाघर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए जेल भेजा गया।
















