सीवर समस्या का वीएटेक वाबाग कंपनी 15 दिन में करें सुधार नहीं तो कांट्रेक्ट होगा निरस्त: सुनीता दयाल

शहर में सीवर की समस्या को लेकर वाबाग कंपनी के अधिकारी के साथ महापौर ने की बैठक

गाजियाबाद। शहर में सीवर की समस्या को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद महापौर सुनीता दयाल ने वीएटेक वाबाग कंपनी को 15 दिन में सुधार करने का अल्टीमेटम दिया है। गुरूवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित अपने कार्यालय में महापौर सुनीता दयाल ने जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजीव शर्मा, पार्षद प्रवीण चौधरी, अधिशासी अभियंता जल निगम नीलम सिंह, सहायक अभियंता आश कुमार, सहायक अभियंता ओम प्रकाश आदि की मौजूदगी में चेन्नई से बैठक करने के लिए वाबाग कंपनी के अधिकारी के साथ बैठक की। महापौर ने कहा कि शहर में सीवर समस्या की रोजाना शिकायत मिल रही हैं। सीवर समस्या का जल्द समाधान किया जाए।

महापौर ने कहा कि सीवर की समसयाओं को लेकर ही कार्यकारिणी बैठक में निंदा प्रस्ताव कंपनी के खिलाफ पास किया जा चुका हैं। पूर्व में महापौर एवं नगर आयुक्त ने एसटीपी एवं एसपीएस का निरीक्षण भी किया था। जिसकी सामूहिक शिकायत शासन को भेजी थी। उसके बाद कार्यकारिणी में कंपनी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पास किया गया। उसके उपरांत महापौर द्वारा वीए टेक वाबाग चेन्नई को भी शिकायत पत्र भेजा गया था। जिसके क्रम में उनका बैठक के लिए पत्र मिला।

महापौर ने बताया कंपनी के कर्मचारी सही से कार्य नही कर रहे है और न ही आपका कोई काम वार्डों में दिखाई देते है। जबकि 326 कर्मचारी बताए गए है, लेकिन मौके पर आधे भी कर्मचारी नजर नही आते है। जब जनता की शिकायतों का समाधान करने के लिए कोई कर्मचारी ही मौके पर नही रहेगा तो समाधान कैसे होगा। क्षेत्र में आपकी मशीन दिखती है और फोन करने पर कर्मचारी फोन नहीं उठाते है। उन्होंने निर्देश दिए कि वीएटेक वाबाग कंपनी द्वारा 15 दिन में सीवर समस्या का समाधान किया जाए। अन्यथा नगर निगम की सदन की बैठक में कंपनी का कांट्रेक्ट निरस्तीकरण का प्रस्ताव पास कराया जाएगा।