लैंडक्राफ्ट सोसाइटी में महिला की मौत, 17वीं मंजिल से गिरी महिला, घटनास्थल पर दम तोड़ा

गाजियाबाद। नामचीन लैंड क्राफ्ट सोसाइटी में बुधवार को तड़के 17वीं मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरने से महिला की जान चली गई। घटना के बाद एकाएक हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। तदुपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसा और आत्महत्या की थ्योरी को ध्यान में रखकर पुलिस ने विवेचना आरंभ की है। घटना को लेकर सोसाइटी परिसर में चर्चाओं का बाजार गरम है। कविनगर थानांतर्गत लैंड क्राफ्ट सोसाइटी में फ्लैट नंबर-1711 में नितिन साहनी सपरिवार रहते हैं। वह निजी कंपनी में कार्यरत हैं। परिवार में नितिन के अलावा पत्नी रंजना साहनी (46) और 2 बच्चे हैं। पुलिस ने बताया कि हाउस वाइफ रंजना बुधवार को तड़के लगभग साढ़े 4 बजे नींद टूटने पर फ्लैट की बालकनी में चली गई। यह फ्लैट 17वीं मंजिल पर है। बालकनी से वह अचानक गिर पड़ीं। घटनास्थल पर रंजना ने दम तोड़ दिया। सोसाइटी परिसर में महिला का शव पड़ा देखकर सुरक्षा कर्मियों ने शोर मचा दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार के सदस्य और आस-पड़ोस के रेजीडेंट्स वहां आ पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कविनगर थाना प्रभारी आनंद प्रकाश मिश्र के मुताबिक पूछताछ में रंजना के पति नितिन ने बताया कि उनकी पत्नी बालकनी से नीचे गिरी थीं। यह भी पता चला है कि महिला काफी समय से बीमार चल रही थी। यह हादसा है अथवा आत्महत्या, फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। उधर, हाउसिंग सोसाइटी के मैनेजर मनोज यादव का कहना है कि नितिन का परिवार फ्लैट में किराए पर रहता है। सुरक्षा गार्डों के जरिए इस हादसे की जानकारी मिल पाई। तदुपरांत पुलिस को फोन कर मौके पर बुलाया गया।