वैक्सीन लगवाने में महिलाएं तेजी दिखाएं: सुषमा सिंह

-महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने पिंक वैक्सीनेशन बूथ का लिया जायजा, व्यवस्था से दिखी संतुष्ट

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने बृहस्पतिवार को महिला वैक्सीनेशन केंद्रों का जायजा लिया। पिंक वैक्सीनेशन बूथ का जायजा लेते हुए सुषमा सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वैक्सीनेशन सेंटरों पर आने वाली महिलाओं के साथ अच्छे से व्यवहार किया जाए। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वह अधिक संख्या में वैक्सीनेशन करवाएं। उन्होंने जिला महिला अस्पताल व सेक्टर-23 संजयनगर स्थित संयुक्त चिकित्सालय का जायजा लिया।
महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने कहा कि वैक्सीनेशन के लिए आई महिलाओं के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए। उन्हें वैक्सीनेशन केंद्र पर किसी को भी परेशानी का सामना ना करना पड़े। महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह पहले जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचीं। वहां महिलाओं के वैक्सीनेशन हेतु विशेष बूथ बनाया गया है। महिला अस्पताल में मौजूद सीनियर मेडिकल ऑफिसर एवं वैक्सीनेशन सेंटर के नोडल ऑफिसर डॉ. पवन कुमारी ने महिला अस्पताल एवं वैक्सीनेशन सेंटर की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिला आयोग के उपाध्यक्ष को बताया कि किस तरह से सेंटर पर लोगों को वैक्सीन लगाई जाती है और कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराया जाता है। यहां पर साफ सफाई, वैक्सीनेशन स्टोरेज से लेकर वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया काफी अच्छी मिली। महिला आयोग की उपाध्यक्ष वैक्सीनेशन सेंटर की व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखी। सुषमा सिंह ने वैक्सीनेशन सेंटर के स्टाफ से कहा कि टीका लगवाने आने वाली महिलाओं को इसका लाभ बताकर अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करने के लिए कहा जाए। इसके बाद वह संयुक्त अस्पताल में संचालित टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण करने पहुंची। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के टीकाकरण को लेकर जानकारी देकर बैनर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि केंद्र पर एक रजिस्टर भी मैनटेन करें, जिसमें आने वाले लाभार्थियों का डाटा भी हो। उन्होंने केंद्र पर मौजूद स्टाफ से महिलाओं के साथ बेहतर व्यवहार करने को भी कहा। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. सुनील त्यागी व जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र आदि मौजूद रहे। वहीं, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने पीडब्ल्यूडी के निरीक्षण भवन में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ कोरोना संक्रमण को लेकर बैठक की। सुषमा सिंह ने एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम खालिद अंजुम, एसीएमओ डा.सुनील त्यागी, संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ.संजय तेवतिया, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक प्रतिभा सिंह, डॉ.सूर्यांश ओझा, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र आदि अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक करते हुए निर्देश दिए कि महिलाओं से संबंधित कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं। पिंक बूथों पर निरीक्षण करते हुए कहा कि महिलाओं के लिए शुरू किए गए बूथों पर व्यवस्था पूरी रखी जाए।
महिला अस्पताल में बना पिंक बूथ
गाजियाबाद में शहर में महिला अस्पताल एवं देहात में मुरादनगर व लोनी में पिंक बूथ बनाए गए हैं। महिला अस्पताल की सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. पवन कुमारी ने बताया कि पहले यहां पर महिला एवं पुरुष दोनों का वैक्सीनेशन होता था। लेकिन पिंक बूथ बनने के बाद अब सिर्फ महिलाओं का वैक्सीनेशन होता है। उन्होंने बताया कि यहां पर 18 प्लस और 45 प्लस दोनों कैटेगरी के वैक्सीनेशन होते हैं।