बाजारों की व्यवस्थाओं को संभालने में जुटे जोनल प्रभारी

गाजियाबाद। त्योहारों के चलते नगर निगम सीमा अंतर्गत बाजारों में उमड़ रही भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए न केवल पुलिस प्रशासन ही मौके पर दिखाई दे रहा है। बल्कि जोनल प्रभारियो की टीम भी मौके पर बाजारों को व्यवस्थित करने में जुट गई है। मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ के निर्देशानुसार सभी जोनल प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में बाजारों की व्यवस्थाओं में लगे हुए हैं। प्रचार-प्रसार कर व्यापारियों, दुकानदारों से अपील कर रहे हैं कि वह आगंतुकों के लिए स्थान बनाए रखें। आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा शहर वासियों को ना हो उस का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। नगर निगम बाजारों की व्यवस्था में अहम भूमिका निभा रहा है, कई स्थानों पर अवैध अतिक्रमण भी हटाए गए हैं।

नगर आयुक्त के निर्देशानुसार कवि नगर जोन में शनिवार को अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। जिसमें आरडीसी, राजनगर, विवेकानंद नगर तथा रेलवे लाइन के पास लगने वाले बाजारों मेंं मौके पर जाकर व्यवस्थित कराया गया। मोहन नगर जोन के जोनल प्रभारी द्वारा लाजपत नगर शालीमार गार्डन लगने वाले बड़े बाजारों को व्यवस्थित कराने के लिए प्रचार-प्रसार किया गया।

इसी के साथ वसुंधरा जोन के जोनल प्रभारी द्वारा भी सेक्टर-2 वसुंधरा, सेक्टर-13 वैशाली, कौशांबी इत्यादि क्षेत्रों में दौरा करते हुए बाजारों को व्यवस्थित कराया गया। सिटी जोन के अंतर्गत जोनल प्रभारी द्वारा प्रचार प्रसार करते हुए रमते राम रोड़, चोपला, घंटाघर इत्यादि क्षेत्रों में बाजारों को व्यवस्थित करने में अहम भूमिका निभाई गई। नगर निगम द्वारा शहर हित में किए जा रहे कार्यों में क्षेत्रीय पार्षदों का भी सहयोग मिल रहा है। जिस प्रकार कुशल नेतृत्व में शहर हित में बाजारों की व्यवस्था में निगम जुटा हुआ है।