विदेश भेजने के नाम पर लोगों के साथ ठगी करने वालों को एसीपी इंदिरापुरम की टीम ने खिलाई जेल की हवा

गाजियाबाद। विदेश भेजने के नाम पर लोगों के साथ ठगी करने वाले दो शातिरों को थाना कौशांबी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने 22 पासपोर्ट, चार मोबाइल, एक लैपटॉप भी बरामद किया है।
थाना कौशांबी में घटना का खुलासा करते हुए एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया रामप्रस्थ ग्रीन निवासी किशन कुमार ने विदेश में नौकरी का झांसा देकर 2.95 लाख रुपये ठगी होने की शिकायत मंगलवार रात की थी। पुलिस ने मामले में छानबीन के बाद गुरुवार रात मनीष कुमार गोंड और शाहरुख खान को गिरफ्तार किया था। एसीपी ने बताया कि आरोपियों ने वैशाली सेक्टर-एक मे जय अम्बे इंटरप्राइजेज नाम से ऑफिस खोला था। आरोपी लोगों को विदेश (अजरबैजान, दुबई, कुवैत, मालदीव) में नौकरी का झांसा देते थे।

इसके बाद उनका पासपोर्ट जमा करके लाखों की रकम ऐंठते थे। इसके अलावा फर्जी वीजा और टिकट भी पीडि़त को देते थे। आरोपियों के कार्यालय से पुलिस को 22 लोगों के पासपोर्ट भी बरामद किए हैं। दोनों से अभी पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ में आरोपी मनीष ने बताया कि वह मई 2022 से अप्रैल 2023 वर्ष तक साउथ अफ्रीका में डायनामिक कंस्ट्रक्शन कम्पनी में नौकरी करता था। विदेश से लोटने के बाद यह काम सीधे साधे व्यक्तियों को नौकरी दिलाने के नाम पर अधिक रुपये लेता था। उसके बाद अपने साथी शाहरुख को भी इसी कार्य में लगा दिया। आरोपी 50 से अधिक लोगों के साथ विदेश भेजने के नाम पर ठगी कर चुके है।