प्रधानमंत्री मोदी को बेटा मानती हैं बिल्किस दादी

बोलीं, आमंत्रण आने पर जरूरी जाऊंगी मिलने

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहीन बाग आंदोलन का प्रमुख चेहरा वृद्ध बिल्किस बानो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आदर-सम्मान का भाव प्रकट किया है। अमेरिकी की चर्चित टाइम मैगजीन द्वारा दुनिया के 100 प्रभावशाली व्यक्तियों में शुमार बिल्किस दादी ने पीएम मोदी को अपना बेटा बताया है। बिल्किस ने मोदी से मिलने की इच्छा जाहिर की है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यदि वह मुझे बुलाते हैं तो मैं खुशी-खुशी मिलने जाऊंगी। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में दिल्ली के शाहीन बाग में लंबा आंदोलन चला था। इस आंदोलन में बिल्किस बानो ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। उन्हें शाहीन बाग आंदोलन का प्रमुख चेहरा माना गया था। अमेरिका की टाइम पत्रिका ने हाल ही में दुनिया के 100 प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची जारी की है। इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा बिल्किस दादी को भी जगह मिली है। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान पर बिल्किस ने प्रसन्नता जाहिर की है। साथ उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके बेटे हैं। अगर वो बुलाते हैं तो मुझे उनसे मिलकर खुशी होगी। सीएए विरोधी आंदोलन को याद कर बिल्किस ने कहा कि पारा गिरने या तापमान बढऩे या बारिश के बावजूद प्रदर्शन जारी रखा गया। यह पूछे जाने पर कि क्या यदि उन्हें आमंत्रित किया जाए तो वह प्रधानमंत्री से मिलने जाएंगी। इस पर उन्होंने कहा कि क्यों नहीं ? मैं जाऊंगी, इसमें डरने की क्या बात है। उन्होंने कहा कि मोदी जी मेरे बेटे की तरह हैं। मैं उनकी मां की तरह हूं। बेशक मैंने उन्हें जन्म नहीं दिया। मेरी बहन ने तो दिया। वह मेरे बच्चे की तरह हैं। मैं टाइम की सूची में पीएम मोदी के शामिल होने पर उन्हें बधाई देती हूं।