छठ घाट सज-धजकर तैयार, व्रतियों की सुविधा के लिए नगर निगम ने किए कई इंतजाम

नगर आयुक्त ने अधिकारियों सहित छठ घाटों का लिया जायजा
छठ घाटों पर स्वच्छता सौंदर्यीकरण, विद्युत व सुरक्षा व्यवस्था होगी दुरुस्त
श्रद्धालुओं को ना हो असुविधा, स्वच्छता का रखें विशेष ध्यान: विक्रमादित्य सिंह मलिक
लेजर लाइट से आकर्षक दिखेगा छठ घाट, सीसीटीवी कैमरा, कंट्रोल रूम का किया इंतजाम

गाजियाबाद। नहाय-खाय के साथ आज से छठ पूजा शुरू हो जाएगी। जिले में महापर्व छठ पूजा बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाता है। गाजियाबाद में बड़ी संख्या में लोग छठ व्रत करते हैं। कई ऐसे घाट हैं, जहां हजारों की संख्या में लोग एकत्र होते हैं। हर वर्ष हिंडन नदी समेत 67 छठ घाटों पर जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस तथा स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से व्रतियों की सुविधा के लिए तमाम इंतजाम किए जाते हैं। इस बार भी बहुत सारे आयोजन किए जा रहे हैं। घाट पूरी तरह से सज कर तैयार हैं। लाइटिंग की व्यवस्था से लेकर घाटों तक पहुंचने वाली सड़कों को ठीक कराया जा रहा है। नगर निगम की ओर से घाटों को खूबसूरत बनाने के लिए कई नए प्रयोग किए गए हैं। व्यवस्था ऐसी है, जिससे श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।

हिंडन को बहुत ही सुंदर ढंग से सजाया जा रहा है। पूरी साफ सफाई की जा रही है। यही कारण है कि यहां हर साल व्रतियों की भारी भीड़ जुटती है। शुक्रवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार, महाप्रबंधक जल आनंद त्रिपाठी, प्रभारी प्रकाश आस कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी अनुज कुमार सिंह के साथ छठ पूजा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिसके क्रम में निगम के विभागीय अधिकारियों सहित नगर आयुक्त करेहड़ा, हिंडन नदी मुख्य छठ घाट का निरीक्षण करने पहुंचे।

मौके पर साफ सफाई, बैरिकेडिंग, रंगाई पुताई, चेंजिंग रूम, प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। नगर निगम के अधिकारी घाटों को इस वर्ष व्यवस्थित करने के साथ-साथ आकर्षक बनाने में भी रुचि दिखा रही हैं। जिसके लिए विशेष प्रबंध भी किए गए हैं। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने बताया नगर निगम द्वारा छठ घाटों पर आगंतुकों, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है। जिसके क्रम में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम की व्यवस्था कराई जा रही है। मुख्य छठ घाट हिंडन नदी पर लेजर लाइट के माध्यम से छठ घाट को आकर्षक बनाने का प्रयास चल रहा है। घाटों पर सीसीटीवी कैमरा भी लगाए जा रहे हैं। व्यवस्था को संभालने के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा। नगर आयुक्त द्वारा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया गया। बेहतर कार्यवाही के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने हिंडन नदी छठ घाट एवं अन्य छठ घाटों को पूरी तरह से प्लास्टिक फ्री रखने के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। साथ ही घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नगर निगम की ओर से संदेश लिखे होर्डिंग्स लगाए गए है। जिससे लोग स्वच्छता के प्रति जागरूक हो और नगर निगम के कार्यों में अपना सहयोग दें सकें। नगर आयुक्त ने  कहा छठ पर्व से पूर्व सभी घाटों की अच्छी तरह से साफ-सफाई कराई जा रही है। ताकि छठ व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। साफ-सफाई के साथ-साथ विद्युत सुविधा व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। साथ ही इस बात का ध्यान रखने को कहा गया है कि छठ घाटों एवं आसपास किसी प्रकार की गंदगी या घाटों पर फिसलन न रहें। इसके अलावा छठ घाटों पर व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।


स्वच्छ अभियान के तहत सभी लोगों का यह प्रयास होना चाहिये कि छठ पर्व के दौरान घाटों को स्वच्छता मिसाल के रूप में पेश करें। इसके लिए नगर निगम द्वारा किये जा रहे कार्यों के साथ-साथ आम जनमानस का सहयोग अपेक्षित है। साथ ही उन्होंने लोक आस्था के इस महापर्व को सौहार्द एवं शांतिपूर्ण रूप से मनाने के लिए आमजनों से अपील की।

घाट पर होगी विशेष सुविधा
छठ व्रतियों के लिए हिंडन नदी समेत 67 छठ घाटों पर सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया है। वहां टेंट की व्यवस्था रहेगी। लेजर लाइट से छठ घाट आकर्षक दिखेगा। सुबह और रात में छठ पूजा के लिए लोगों के आने-जाने में परेशानी न हो इसके लिए लाइट्स की व्यवस्था की गई है। हर घाट पर मोबाइल टॉयलेट की सुविधा प्रदान की गई है। इसके अलावा पानी की व्यवस्था की जा रही है। एम्बुलेंस का प्रावधान भी किया जा रहा है ताकि किसी भी आपात स्थिति में चिकित्सा से संबंधित कोई परेशानी न हो। इसके साथ ही डॉक्टरों की भी प्रतिनियुक्ति भी की गई है।