डीएम ने फरियादियों की सुनीं शिकायतें, 63 शिकायतों में 11 का निस्तारण

तीनों तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित

गाजियाबाद। लोनी तहसील में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दरम्यान कुल 63 शिकायतें प्राप्त हुईं। मौके पर 11 प्रकरण का निस्तारण कर दिया गया। समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने की। डीएम पांडेय ने जनता की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना।

इस दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से जनता की समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराने का प्रयास किया गया। अवशेष शिकायतों को समयबद्धता के साथ निस्तारण करने की कार्यवाही अधिकारियों के जरिए सुनिश्चित कराई जाएगी। समाधान दिवस पर कुल 63 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें से मौके पर 11 का निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने कहा कि जन-शिकायतों के निस्तारण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार का यह बेहद महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है।

अत: तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में जनता की जो शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उनका संबंधित अधिकारी त्वरित गति के साथ निस्तारण सुनिश्चित कर उसकी रिपोर्ट संबंधित तहसील को तत्काल उपलब्ध कराएं। वहीं, शिकायत कर्ता को भी शिकायत निस्तारण के संबंध में लिखित सूचना दी जाए। उधर, मोदीनगर तहसील में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया, जिसमें कुल 37 शिकायतें दर्ज हुई, जिसके सापेक्ष मौके पर 3 का निस्तारण कर दिया गया। सदर तहसील में उप जिलाधिकारी सदर की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुल 26 शिकायतें मिलीं, जिसमें से मौके पर 5 का निस्तारण कर दिया गया।