-जल, ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन और जैव विविधता पर आधारित रचनात्मक गतिविधियों और प्रदर्शनी ने दिखाई विद्यार्थियों की जिम्मेदारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर स्थित के.डी.बी. पब्लिक स्कूल में सेंटर फॉर एनवायरमेंट ऑफ एजुकेशन (सीईई), अहमदाबाद के मार्गदर्शन में शनिवार को संचालित इको स्कूल कार्यक्रम के अंतर्गत एक समग्र एवं प्रेरणादायी विद्यालय स्तरीय इको कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली एवं सतत विकास के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को जल संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन एवं जैव विविधता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यवहारिक अनुभव प्रदान किए गए। इस आयोजन की विशेषता यह रही कि इसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों की भी सक्रिय और उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम और अधिक प्रभावशाली, प्रेरणादायी एवं सफल बन सका।
इको स्कूल कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने पिछले कुछ महीनों में विभिन्न पर्यावरणीय विषयों पर आधारित शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ‘जल इतिहास’ पर आधारित गीत प्रस्तुति के माध्यम से जल के महत्व को रेखांकित किया। इसके साथ ही जल संरक्षण विषय पर कहानी-वाचन ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए जल की उपयोगिता और संरक्षण की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को सशक्त बनाने के लिए विद्यार्थियों द्वारा एरोबिक्स एवं जुंबा की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ पर्यावरण एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। जैव विविधता के महत्व को समझाने के लिए विद्यार्थियों ने न्यायालय दृश्य (कोर्ट रूम सीन) की प्रस्तुति दी, जिसमें प्रकृति के संरक्षण से जुड़े मुद्दों को रोचक और प्रभावशाली ढंग से रखा गया।
इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक तथा अपशिष्ट पृथक्करण एवं उसके महत्व पर विद्यार्थियों द्वारा निर्मित डॉक्यूमेंट्री ने दर्शकों को गहन संदेश दिया। इसी कार्यक्रम के एक महत्वपूर्ण अंग के रूप में इको स्कूल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने जल, ऊर्जा, स्वस्थ जीवन, अपशिष्ट प्रबंधन एवं जैव विविधता विषयों पर आधारित आकर्षक मॉडल, चार्ट, कार्यशील प्रस्तुतियां एवं वीडियो प्रदर्शित किए। प्रदर्शनी में वेस्ट सामग्री से निर्मित उपयोगी वस्तुएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जो विद्यार्थियों की सृजनात्मकता के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी को भी दर्शाती हैं। अभिभावकों एवं आगंतुकों ने विद्यार्थियों की इन प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए इसे सीखने का उत्कृष्ट माध्यम बताया। इको स्कूल कार्यक्रम के अंतर्गत इतिहास कार्यक्रम में अन्वेषण के तहत जल संरक्षण पर आधारित एक विशेष गीत प्रस्तुति भी सम्मिलित की गई।
उल्लेखनीय है कि इतिहास एक राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम है, जिसमें इस गीत ने कोयर ग्रुप श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा और पर्यावरणीय समझ को दर्शाती है, बल्कि विद्यालय के इको स्कूल कार्यक्रम की प्रभावशीलता को भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा प्रदान करती है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या निवेदिता राणा एवं उपप्रधानाचार्या नम्रता दूबे ने विद्यार्थियों के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह संपूर्ण इको स्कूल कार्यक्रम विद्यालय के उस संकल्प का प्रतीक है, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को जागरूक, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित किया जाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थी अपने ज्ञान, विचार और आचरण से समाज में सकारात्मक, स्थायी एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवर्तन लाने में सक्षम होंगे।
प्रधानाचार्या ने यह भी कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विषय नहीं, बल्कि जीवनशैली का अभिन्न अंग बन चुका है। यदि बचपन से ही विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित की जाए, तो वे भविष्य में एक हरित, स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। के.डी.बी. पब्लिक स्कूल में आयोजित यह इको स्कूल कार्यक्रम न केवल शैक्षणिक दृष्टि से उपयोगी सिद्ध हुआ, बल्कि इसने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाज के बीच पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश भी दिया।

















