सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ, प्रियंका गांधी रहीं साथ, कांग्रेस का देशभर में प्रदर्शन

नई दिल्ली। चर्चित नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूछताछ की। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा डॉक्टरों की टीम मौजूद रही। उधर, केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने देशव्यापी प्रदर्शन किया। इसके चलते दिल्ली में जमकर बवाल मचा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का पुलिस से टकराव तक हो गया। पुलिस ने 75 सांसदों को हिरासत में लिया है। अशोक गहलोत, शशि थरूर और सचिन पायलट आदि नेता भी पुलिस की हिरासत में हैं। दिल्ली में पुलिस को प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार तक करनी पड़ी।

समाचार पत्र नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय ने पूछताछ के लिए बुलाया था। इसके पहले राहुल गांधी से पूछताछ की जा चुकी है। सोनिया गांधी से ईडी की वरिष्ठ महिला अधिकारी ने पूछताछ की। उनसे विभिन्न जरूरी सवालों के जवाब मांगे गए। सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देशभर में विरोध-प्रदर्शन किए। कांग्रेस ने मोदी सरकार पर विपक्ष मुक्त भारत बनाने की साजिश रचने का आरोप लगाया।

उधर, बेंगलुरु में युवा कांग्रेस के सदस्यों ने ईडी दफ्तर के बाहर उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कार में भी आग लगा दी। दिल्ली और बेंगलुरु के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों में कंग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर कर सरकार विरोधी नारेबाजी की। वहीं, ईडी अफसरों ने बताया कि सोनिया गांधी के साथ प्रियंका गांधी के अलावा चिकित्सकों की टीम को रूकने की अनुमति दी गई है। यदि पूछताछ के दौरान सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ती है तो उन्हें वापस जाने दिया जाएगा।