नेपाल में भारत के राजदूत के साथ अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र की विभिन्न मुद्दों पर चर्चा

नेपाल मारवाड़ी ब्राह्मण सेवा संघ के साथ ब्राह्मण समाज को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने पर मंथन

उदय भूमि ब्यूरो
काठमांडू। नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव के साथ अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र की मुलाकात के दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। गुरुवार को नेपाल की राजधानी काठमांडू में हुई इस मुलाकात में तरुण मिश्र ने नवीन श्रीवास्तव को ब्राह्मण महासभा द्वारा किए जा रहे कार्यक्रमों को लेकर जानकारी दी। बातचीत के दौरान तरुण मिश्र ने नवीन श्रीवास्तव को ब्राह्मण महासभा की कार्यसमिति की बैठक एवं दधिमथी गौ सेवा नेपाल द्वारा आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत कथा में आने का निमंत्रण भी दिया। आमंत्रण स्वीकार करते हुए नवीन श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में आने की बात कही।

उधर, नेपाल मारवाड़ी ब्राह्मण सेवा संघ के साथ हुई बैठक में ब्राह्मण समाज को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने को लेकर विचार मंथन हुआ। नेपाल की राजधानी काठमांडू के चार दिवसीय दौरे पर पहुंचे अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र ने गुरुवार को नेपाल मारवाड़ी ब्राह्मण सेवा संघ की महत्वपूर्ण मीटिंग में हिस्सा लिया। इस दौरान विभिन्न जरूरी मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान संगठन के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा के साथ भी उन्हें चर्चा की। बैठक में नेपाल मारवाड़ी ब्राह्मण सेवा संघ के वर्तमान अध्यक्ष बजरंग लाल परिक, पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा (अमृत भोग वाले) तथा दधिमथी गौ सेवा नेपाल के संस्थापक नवरतन शर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक में तरुण मिश्र ने आगामी कार्यक्रम पर सकारात्मक चर्चा की।

नेपाल मारवाड़ी ब्राह्मण सेवा संघ के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है की ये कार्यक्रम नेपाल में हो रहा है। नेपाल मारवाड़ी ब्राह्मण सेवा संघ विभिन्न प्रकार से सहयोग करने को तैयार है। अनिल शर्मा ने कहा कि वह अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की कार्यशैली से प्रभावित हैं। ब्राह्मण समाज के हित में वह हरसंभव प्रयास करने को हमेशा तैयार रहेंगे। इसके पहले तरुण मिश्र ने बुधवार को दघिमथि गौ सेवा नेपाल की बैठक में शिरकत की थी। इस दौरान उन्हें संस्था का अंतरराष्ट्रीय संरक्षक मनोनीत किया गया था।

तरुण मिश्र ने संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की प्रस्तावित बैठक के संबंध में भी विस्तार से विचार-विमर्श किया था। उन्होंने बताया कि संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आगामी 15 व 16 अगस्त को आयोजित की जाएगी। इसके साथ भागवत कथा का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने ब्राह्मण समाज के हित में संगठन स्तर से जारी कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।