राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्रा व बजरंग लाल पारीक का कुचामन में हुआ भव्य स्वागत

-ब्राह्मण समाज को एकजुट होने की जरुरत, नही तो होता रहेगा अधिकारों का दोहन: तरुण मिश्रा

कुचामन। अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्रा एवं काठमांडू स्थित नेपाली मारवाड़ी ब्राह्मण सेवा संघ के अध्यक्ष बजरंग लाल पारीक के कुचामन सिटी आगमन पर सर्व ब्राह्मण समाज कुचामन सिटी द्वारा बसन्त कुमार बिरला कल्याण मण्डप में भव्य स्वागत एवं अभिनदंन किया गया।
सर्व ब्राह्मण महासभा के नगर अध्यक्ष घनश्याम गौड़, विप्र समाज के निवर्तमान अध्यक्ष तेजपाल पारीक, पारीक समाज के पूर्व अध्यक्ष कमल कुमार पुरोहित, प्रेस क्लब अध्यक्ष लॉयन हेमराज पारीक, ऑल इण्डिया पारीक महासभा के प्रदेश पदाधिकारी मनोज जोशी, एडवोकेट ओमप्रकाश पारीक, पत्रकार विजय पारीक ने फूलों की माला पहनाकर एवं साफा बांधकर स्वागत किया।

राष्ट्रीय महामंत्री मिश्रा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य पूर्णत: विप्र समाज की उन्नति एवं विकास करना है। आज पूरे देश में विप्रजनों की स्थिति चिन्तनीय है। जिसके लिए सभी ब्राह्मणों को संगठित होकर एकता का परिचय देना होगा। जब तक एकजुट नही होंगे तब तक हमारा विकास संभव नही है। जागरुकता के आभाव में आज की ब्राह्मण युवा पीढ़ी अपने मकदस से भटकती नजर आ रही है। हर व्यक्ति का समाज, परिवार, दोस्तों व अपने काम के प्रति कुछ न कुछ दायित्व होता है। इसे निभाने के लिए हमें गंभीर भी होना चाहिए। हमें अपने दायित्व को निभाने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए। इन सभी दायित्वों में देश के प्रति कुछ करना, हमारा प्रमुख दायित्व है। समाज में ब्राह्मणों का हमेशा से उच्च स्थान रहा है। यह स्थान उनकी त्याग, तपस्या का परिणाम है। यही वजह है कि ब्राह्मण समाज हमेशा से मार्गदर्शक की भूमिका में रहा है। समाज को शिक्षा देना ही ब्राह्मण समाज का कार्य रहा है। मगर आज ब्राह्मण समाज कहीं न कहीं अन्य पिछड़ा साबित हो रहा है, जिसका मुख्य कारण है कि एकजुटता न होना।

उन्होंने कहा ब्राह्मण समाज ने हमेशा हर समाज का सम्मान किया है। हमें आपस में मनमुटाव न रखकर हर क्षेत्र में आगे आना होगा। ब्राह्मण समाज के युवा शिक्षा, रोजगार एवं राजनीति क्षेत्र में आगे आएं तभी समाज का विकास होगा। ब्राह्मण समाज को राजनीतिक पार्टियां वोट के लिए इस्तेमाल करती हैं। समाज के हित में कोई कार्य नहीं किया है। समाज के लोगों को उसका साथ देना चाहिए, तभी समाज आगे बढ़ सकेगा। गौरतलब हो कि अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्रा ब्राह्मण बोर्ड गठन को लेकर पिछले कई वर्षों से संघर्ष कर रहे है।

संघर्ष को लेकर वह देश, विदेश के विभिन्न राजनैतिक के मंत्रियों, कलाकारों से मुलाकात तक कर चुके है। उनके संघर्ष की देन है कि राजस्थान समेत कई राज्यों में ब्राह्मण बोर्ड का गठन हुआ है। अन्य राज्यों में भी ब्राह्मण बोर्ड का गठन हो, इसी उद्देश्य के साथ उनका संघर्ष अभी भी जारी है। मारवाड़ी ब्राह्मण सेवा संघ के अध्यक्ष बजरंग लाल पारीक ने समाज बंधुओ द्वारा किए गए मान-सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन संजय पारीक ने किया।