यूक्रेन में रूसी हमले में भारतीय छात्र की मौत, हालात खराब

नई दिल्ली। रूस-यूक्रेन जंग अब विदेशी नागरिकों पर भी भारी पड़ रही है। रूस के हमले में यूके्रन में सोमवार को भारतीय छात्र की जान चली गई। विदेश मंत्रालय ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। उधर, यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने सभी भारतीयों से जल्द से जल्द राजधानी कीव से बाहर निकलने की अपील की है। रूस-यूक्रेन के बीच टकराव निरंतर बढ़ रहा है। रूस की तरफ से पिछले पांच दिन से जमीन और आसमान से यूक्रेन पर हमला किया जा रहा है। यूक्रेन में रूस के हमले में भारतीय छात्र नवीन कुमार की मौत हो गई।

वह कर्नाटक का रहने वाला था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर इस घटना की तस्दीक की है। ट्वीट कर उन्होंने बताया कि यूक्रेन के खरकीव में भीषण हमले में भारतीय छात्र की मौत हो गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि हम गहरे दुख के साथ इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि आज सुबह खरकीव में बमबारी में भारतीय स्टूडेंट की जान चली गई। मंत्रालय भारतीय छात्र के परिवार के संपर्क में है। हम परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।

विदेश मंत्रालय निरंतर रूस और यूक्रेन के राजदूतों के साथ संपर्क में है। भारतीयों नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए सुरक्षित रास्ता देने पर बात हो रही है। कई छात्र अब भी खारकीव समेत दूसरे शहरों में हैं। रूस और यूक्रेन में मौजूद राजदूत भी इसी तरह के प्रयास में जुटे हैं। वहीं, यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने सभी भारतीयों को जल्द से जल्द राजधानी कीव छोड़ने को कहा है।