मंत्री अस्वस्थ : रामविलास पासवान की हार्ट सर्जरी

पीएम, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री ने पूछा हाल-चाल

दिल्ली। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान अस्वस्थ चल रहे हैं। उनके दिल की सर्जरी की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके बेटे चिराग पासवान से बातचीत कर पासवान के स्वास्थ की जानकारी ली है। सेहत खराब होने के कारण पासवान बिहार विधान सभा चुनाव से दूरी बनाए हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को ट्वीट कर अपने पिता रामविलास पासवान के हार्ट की सर्जरी होने की जानकारी दी। चिराग ने ट्वीट में लिखा कि पिछले कुछ दिनों से पापा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। कल शाम उनके दिल का ऑपरेशन करना पड़ा। जरूरत पडऩे पर संभवत: कुछ सप्ताह बाद एक और ऑपरेशन करना पड़े। संकट की इस घड़ी में मेरे और मेरे परिवार के साथ खड़े होने के लिए आप सभी का धन्यवाद। केंद्रीय मंत्री पासवान की बाईपास सर्जरी पहले ही हो चुकी है। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चिराग पासवान से बातचीत कर पासवान की सेहत की जानकारी ली। पिता की सेवा करने के लिए पीएम से चिराग की प्रशंसा भी की। पासवान की सर्जरी के कारण शनिवार की शाम एलजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक स्थगित कर दी गई थी। गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी चिराग पासवान से बात की है। राम विलास पासवान का स्वास्थ खराब होने और बिहार विधान सभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीट शेयरिंग पर पेंच फंसने से एलजेपी पर दोहरा संकट है। पासवान एक माह से ज्यादा समय से अस्पताल में भर्ती हैं। बिहार में 28 अक्तूबर को पहले चरण का चुनाव होना है। बिहार में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) नीतीश सरकार की सहयोगी है।