-हिमाचल प्रदेश ने प्रथम, उत्तराखंड ने द्वितीय और दिल्ली ने तृतीय स्थान किया हासिल
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गोविंदपुरम स्थित 8वीं वाहिनी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) में सोमवार से मंगलवार तक आयोजित दो दिवसीय राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की राष्ट्रीय क्षमता निर्माण प्रतियोगिता का मंगलवार को सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में सात राज्यों की एसडीआरएफ टीमों ने भाग लिया, जिसमें कुल 142 प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से टीम को अव्वल लाने के लिए कड़ी मेहनत की। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उत्तराखंड की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जबकि दिल्ली की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता टीमों को सम्मानित करने के लिए एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समापन समारोह में डीआईजी गंभीर सिंह चौहान ने विजेता खिलाडिय़ों को मेडल पहनाए और प्रथम एवं द्वितीय स्थान पर आने वाली टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान जो टीमें प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त नहीं कर सकीं, उन्हें अगली प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं। समारोह के बाद सभी प्रतिभागियों और अधिकारियों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। इस भोज में डीआईजी गंभीर सिंह चौहान, 8वीं बटालियन के कमांडेंट प्रवीण कुमार तिवारी और बटालियन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी टीमों के प्रतिभागियों के साथ भोज का आनंद लिया।
नेशनल लेवल प्रतियोगिता के लिए चयनित टीमें
डीआईजी गंभीर सिंह चौहान ने बताया कि नॉर्थ जोन से प्रथम स्थान पर रही हिमाचल प्रदेश की टीम और द्वितीय स्थान पर रही उत्तराखंड की टीम का चयन नेशनल लेवल प्रतियोगिता के लिए किया गया है। नेशनल लेवल प्रतियोगिता 1 अप्रैल से 5 अप्रैल तक 8वीं बटालियन, एनडीआरएफ, गाजियाबाद में आयोजित होगी।
विजेता टीमों को मिलेगा नगद पुरस्कार
नेशनल लेवल प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर आने वाली टीम को 75 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर आने वाली टीम को 50 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इस भव्य आयोजन ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की क्षमता और प्रदर्शन को एक नई पहचान दी है।


















