• नगर आयुक्त ने दिए कार्य योजना तैयार करने और निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मेरठ रोड स्थित भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जी की प्रतिमा को भव्य रूप देने और मेरठ रोड तिराहे के सौंदर्यीकरण के कार्यों में तेजी लाने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस संबंध में मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय पर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से विभिन्न दलों के नेताओं और शहर के प्रमुख नागरिकों ने मुलाकात की। बैठक में मेरठ रोड पर रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) द्वारा किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्य में तेजी लाने और चौधरी चरण सिंह जी की प्रतिमा को भव्य स्वरूप प्रदान करने के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने इस मौके पर निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी को दो दिन के भीतर मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य योजना तैयार करने के भी आदेश दिए गए हैं।
भव्यता के साथ पुस्तकालय के जीर्णोद्धार की भी योजना
मेरठ रोड तिराहे पर स्थित चौधरी चरण सिंह पुस्तकालय के जीर्णोद्धार की भी मांग लंबे समय से की जा रही थी। सभी दलों के नेताओं ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए पुस्तकालय को नए स्वरूप में विकसित करने की मांग की है। मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि मेरठ रोड तिराहे पर आरआरटीएस द्वारा पहले से ही कार्य किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने चौधरी चरण सिंह जी की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ पुस्तकालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने की मांग की है। नगर आयुक्त ने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी सर्व समाज के नेता थे, और उनके सम्मान में शहरवासियों द्वारा बार-बार प्रतिमा को भव्य रूप देने की मांग की जा रही थी। उन्होंने कहा कि इस कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए विशेष योजना बनाई जा रही है और आरआरटीएस के कार्यों की रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि चौधरी चरण सिंह जी की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण और पुस्तकालय के जीर्णोद्धार का कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा ताकि यह स्थान शहर की शान बन सके।
जनप्रतिनिधियों और शहर के प्रमुख लोगों की उपस्थिति
इस मौके पर विभिन्न दलों के नेता और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें लोक दल के नेता अरुण चौधरी भुल्लन, चेयरमैन अमरजीत सिंह बिड्डी, चौधरी तेजपाल सिंह, कांग्रेस के नेता विजय चौधरी, भाजपा के नेता प्रताप चौधरी, समाजवादी पार्टी के नेता आनंद चौधरी, सुनील चौधरी (पूर्व पार्षद), सुभाष चौधरी (पार्षद), नवीन चौधरी, भूपेंद्र बॉबी, अजय प्रमुख, मनोज चौधरी, अरविंद बालियान, अरविंद तेवतिया, रॉकी चौधरी, धर्मेंद्र चौधरी, देवेंद्र मलिक, सनी चौधरी, विक्रांत चौधरी, संदीप चौधरी, रविंद्र चौधरी, नरेंद्र सिंह वीरवाल, सागर चौधरी, मोहित मलिक, सुरेंद्र चौधरी, विनीश चौधरी, सोनवीर सिंह, मनोज डागर, विशाल चौधरी, डॉ. राकेश सिरोही, सौरभ डागर, अरुण तेवतिया और सुनील चौधरी जटवाड़ा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
















