ट्रेन सेवा प्रभावित, जगह-जगह यात्री परेशान
नई दिल्ली। किसान संगठनों ने सोमवार को राष्ट्रव्यापी रेल रोका आंदोलन छेड़ा। इसके तहत सुबह 10 से शाम 4 बजे तक विभिन्न राज्यों में रेल सेवा को बाधित करने की कोशिश की गई। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय राज्य मंत्री (एमओएस) अजय मिश्रा टेनी को केंद्रीय मंत्रिमंडल से तत्काल हटाने की पुरजोर मांग की है। केंद्रीय मंत्री टेनी के बेटे आशीष मिश्रा को लखीमपुर खीरी हिंसा के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आशीष पर अपनी कार से कुछ किसानों को कुचल कर मौत के घाट उतारने का आरोप लगा था।
केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी के खिलाफ लामबंद किसान संगठनों ने सोमवार को 6 घंटे का राष्ट्रव्यापी रेल रोका आंदोलन शुरू किया। सुबह 10 बजे आंदोलन की शुरुआत की गई। रेलवे के सीपीआरओ ने माना है कि किसान आंदोलन के कारण उत्तर रेलवे जोन में 30 स्थान प्रभावित हुए हैं। जनपद गाजियाबाद में मोदीनगर रेलवे स्टेशन पर भी किसानों ने रेल सेवा को प्रभावित किया। ट्रैक पर उतर कर किसानों ने प्रदर्शन कर रेल यातायात को रोक दिया। सैकड़ों की संख्या में किसान रेल सेवा को बाधित करने के मकसद से पटरियों पर बैठ गए।
मोदीनगर रेलवे स्टेशन पर एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल के अलावा प्रांतीय सशस्त्र पुलिस (पीएसी) की एक कंपनी को भी तैनात किया गया है। किसान संगठनों के रेल रोको आंदोलन से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ी रहीं। उधर, भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) नेता राकेश टिकैत ने कहा कि रेल रोको आंदोलन अलग-अलग जनपदों में अलग-अलग स्थान पर होगा। पूरे देश में वहां के नागरिकों को मालूम रहता है कि उन्हें कहां ट्रेन रोकनी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अभी उनसे कोई बात नहीं की है।
















