अवैध रूप से विद्युत उपभोग करने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही: दिनेश गोयल

-प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था सम्बंधी जांच समिति की बैठक

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था सम्बंधी जांच समिति की बैठक मंगलवार को दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति दिनेश गोयल ने की। इस दौरान समिति सदस्य अश्वनी त्यागी, सलिल विश्नोई, महापौर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में गाजियाबाद व हापुड़ जनपदों में विद्युत विभाग द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। इसमें ट्रांसफार्मर स्थापना, बिजली कटौती, लाइन लॉस, बिल संशोधन, विद्युत चोरी, निर्बाध आपूर्ति, ट्रांसफार्मर चोरी जैसी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

सभापति दिनेश गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध रूप से बिजली उपभोग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही एसडीओ व अन्य अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर विद्युत चोरी पर अंकुश लगाएं। समिति ने निर्देश दिया कि 2024-25 में किए गए सभी विद्युत कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही ट्रांसफार्मर जलने व बदले जाने की समय-सीमा का भी पूरा विवरण उपलब्ध कराया जाए। बैठक में गाजियाबाद के जिलाधिकारी दीपक मीणा, एडीएम एल/ए विवेक मिश्र, हापुड़ के एडीएम संदीप कुमार सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

मीटर रीडरों को विशेष प्रशिक्षण मिलेगा
समिति सदस्य अश्वनी त्यागी ने कहा कि मीटर रीडरों को मीटर चेकिंग का विशेष प्रशिक्षण दिया जाए ताकि वे उपभोक्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार करें और मीटर जांच को सही ढंग से करें।

1912 टोल फ्री नंबर पर दर्ज करें शिकायत
समिति सदस्य सलिल विश्नोई ने कहा कि जनता को विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर 1912 पर जागरूक किया जाए ताकि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।