बंगाल में होगा परिवर्तन, जुटे हैं कार्यकर्ता

भाजपा उत्तर प्रदेश के संगठन महामंत्री सुनील बंसल के नेतृत्व में कोलकाता सेंट्रल जोन में संगठन को किया जा रहा है मजबूत

उदय भूमि ब्यूरो
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनाव का माहौल बन चुका है और सभी राजनीतिक पार्टियों ने जोर आजमाइश तेज कर दी है। पश्चिम बंगाल में इस बार भारतीय जनता पार्टी और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है। भाजपा के बड़े नेता लगातार दावा कर रहे हैं कि इस बार पश्चिम बंगाल में पार्टी ना सिर्फ सरकार बनाएगी बल्कि उसे 200 से अधिक सीटें प्राप्त होंगी। भाजपा संगठन द्वारा इस बार सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए किसी तरह की भी गुंजाइश नहीं छोड़ी जा रही है। भाजपा की केंद्रीय टीम स्थानीय संगठन के साथ मिलकर चुनावी रणनीति पर काम कर रही है। उत्तर प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री सुनील बंसल के नेतृत्व में टीम संगठन को मजबूत बनाने एवं चुनाव के लिए तैयार कर रही है। सुनील बंसल को कोलकाता सेंट्रल जोन का प्रभारी बनाया गया है। इस क्षेत्र में भाजपा का न कोई विधायक और सांसद है। इसके बावजूद यहां पर लोगों में भाजपा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जल्द ही यहां भी गृह मंत्री अमित शाह द्वारा जनसंवाद एवं रोड़ शो किया जाएगा। गंगा सागर क्षेत्र में मौजूद भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी का दावा है कि जिस तरह से लोग ममता बनर्जी सरकार से नाराज है और भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं। इससे साफ हो रहा है कि इस बार पश्चिम बंगाल में परिवर्तन को कोर्ई रोक नही पाएगा।
मानसिंह गोस्वामी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव में वहां की जनता लोकतांत्रिक तरीके से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस की सरकार को करारा जवाब देगी और यहां कमल खिलेगा। शुक्रवार को मथुरापुर क्षेत्र में भाजपा जिला और मंडल अध्यक्ष मीटिंग में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मथुरापुर लोकसभा पश्चिम बंगाल (गंगा सागर क्षेत्र) के प्रवासी प्रभारी मान सिंह गोस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाल का विकास चाहते हैं, लेकिन उन्हें ममता रोक रहीं हैं। बंगाल में विकास का कमल तभी खिलेगा, जब ममता यहां से जाएंगी। उन्होने कहा कि जो बंगाल पहले समृद्ध संस्कृति, विकास के लिए जाना जाता था और देश को दिशा दिखाता था। आज उस राज्य का हाल बेहाल है। इसके लिए ममता सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है। मानसिंह को गंगा सागर क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गंगा सागर और सुंदरवन क्षेत्र में वह काम कर रहे है। मान सिंह को पथरप्रतिमा-130, काकद्वीप-131, सागर-132, कुलपी-133, रायदीघी-134, मन्दिरबाजार-135 और मगरहाट पश्चिम-142 सहित सात विधानसभा क्षेत्र के प्रवासी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मीटिंग में मथुरापुर के जिलाध्यक्ष दीपांकर जैना, मंडल अध्यक्ष मेघनाथ देब शर्मा, मंडल अध्यक्ष- पुलकेश बैरागीआदि मौजूद थे। एक बार फिर नई जिम्मेदारी मिलने से उत्साहित मानसिंह गोस्वामी ने कहा कि वह भाजपा के पुराने एवं समर्पित कार्यकर्ता हैं। पार्टी ने बूथ, वार्ड, महानगर एवं जिला स्तर पर जिम्मेदारी निभा चुके एक कार्यकर्ता को जो दायित्व सौंपे हैं, उस पर वह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। मानसिंह गोस्वामी इसके पहले भाजपा के महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी को बखूवी ढंग से निभा चुके हैं।