- 15 निजी फर्मों को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की मुख्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितु माहेश्वरी ने लापरवाह ठेकेदारों की मुश्कें कसी हैं। उन्होंने पर्यावरण दिवस से एक दिन पहले उद्यान विभाग से जुड़े कुछ ठेकेदारों पर कार्रवाई की है। काम में कोताही बरतने पर ठेकेदारों पर 67 लाख रुपए का जुर्माना किया गया है। यही नहीं 15 निजी फर्मों को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर, मार्च-2022 तक 4 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नोएडा प्राधिकरण की मुख्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितु माहेश्वरी ने शुक्रवार को उद्यान विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने एक करोड़ से अधिक के कार्यों के विषय में जानकारी ली। सीईओ ने सेक्टर-54 में वेटलेंड के कार्य की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सूरत में 30 जून तक कार्य पूर्ण किया जाए। सीईओ ने एमपी 3 रास्ते पर 4 किलोमीटर एरिया में मॉडल रोड बनाने की स्वीकृति दे दी है। बैठक में सीईओ रितु माहेश्वरी ने कहा कि तत्काल इसका आगणन स्वीकृत कराकर टेंडर जारी किए जाएं। डॉग पार्क एवं वेस्ट टू आर्ट पार्क पीपीपी मॉडल पर बनाए जाने हैं। इसके लिए सीईओ माहेश्वरी ने मै. डिलाईट कंपनी को कंसलटेंट कंपनी द्बारा दिए गए नियम एवं शर्तों में वित्तीय आधार पर परीक्षण कर अंतिम रूप देने के लिए निर्देशित किया गया। 3 दिन के अंदर पत्रावली प्रस्तुत करने के लिए कहा। उद्यान विभाग में छोटे-छोटे कई टेंडर है। ऐसे में सीईओ ने निर्देश दिए कि एक सेक्टर में सभी कार्यों का एक ही टेंडर कराने का प्रयास किया जाए। उद्यान विभाग में 200 से ज्यादा टेंडर प्रचलन में न रहें। इसके लिए महाप्रबंधक को किसी आउटर एजेंसी को लगाकर कार्य कराने के निर्देश दिए। जिन कार्यों को विभागीय मालियों द्बारा कराया जा रहा है उनके टेंडर न किए जाएं। मौके पर प्राधिकरण के नियमित माली, संविदा कर्मचारी एवं के कर्मियों की नियमित रूप से हाजिरी की जाए। प्राधिकरण के कर्मचारी को लोकेशन की जानकारी वाली घड़ी दी जाए तथा संविदाकारों के कर्मचारियों की हाजिरी फोटो एप से की जाए। सीईओ ने निर्देश दिया कि इस वित्तीय वर्ष में करीब 4 लाख पौधे लगाए जाएं। इसके लिए बड़े स्थान चिन्हित किए जाएं। चयनित पौधे पर्यावरण के अनुकूल लगाए जाएं।
















