-संयुक्त आयुक्त सुनील मिश्रा ने गौतमबुद्ध नगर में की समीक्षा बैठक, तस्करों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। अवैध शराब के धंधे को पूरी तरह खत्म करने और सरकार के राजस्व में बढ़ोत्तरी के लिए आबकारी विभाग अब पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतर चुका है। सोमवार को संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन, सुनील कुमार मिश्रा ने जिले का दौरा कर विभागीय समीक्षा बैठक की, जिसमें जिले के सभी आबकारी निरीक्षकों को स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिया गया कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मौजूद निरीक्षकों गौरव चन्द, आशीष पाण्डेय, डॉ. शिखा ठाकुर, नामवर सिंह, अभिनव शाही, चन्द्रशेखर सिंह और रवि जायसवाल से जिले में चल रहे प्रवर्तन कार्यों की जानकारी ली गई। बैठक के दौरान संयुक्त आयुक्त ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्यों को हर हाल में प्राप्त करना है और इसके लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। अवैध शराब की एक भी खेप जिले में प्रवेश न कर सके, यह सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि शराब जिले में आ रही है या नहीं, बल्कि यदि कोई खेप जिले के रास्ते अन्य राज्यों की ओर जा रही है, तो उसे भी रोकना हमारी जिम्मेदारी है।
जिले की सीमाओं को सील की तरह मजबूत बनाना होगा। निरीक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे हर लाइसेंसी दुकान की नियमित जांच करें और ओवर रेटिंग की शिकायतों पर गंभीरता से निगरानी रखें। साथ ही, अपने मुखबिर तंत्र को और मजबूत करें ताकि समय रहते सही सूचना मिल सके। बैठक में इम्पोर्टेड ब्रांड की उपलब्धता और उनके उचित वितरण को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। थोक गोदाम मंजु रानी एफएल-2, एफएल-2बी और पिकाडली एग्रो बीडब्ल्यूएफएल-2ए में दर्ज सभी पंजीकृत ब्रांड्स की उत्तर प्रदेश में उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, आईईएससीएमएएस (इंटीग्रेटेड एक्साइज सप्लाई चैन मैनेजमेंट सिस्टम) प्रोजेक्ट के तहत सभी अनुमन्य ब्रांड्स का अनिवार्य रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। इन ब्रांड्स को प्रीमियम रिटेल दुकानों और होटल/रेस्टोरेंट बार में उपलब्ध कराना भी विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। संयुक्त आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी भी क्षेत्र में अवैध शराब से संबंधित कोई भी लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल कानून का पालन कराने का नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा और सरकारी राजस्व की रक्षा का है। इसलिए अधिकारी केवल जिम्मेदार नहीं, जवाबदेह भी होंगे।
संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन, सुनील कुमार मिश्रा ने कहा कि जिले में अवैध शराब के किसी भी प्रकार के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी आबकारी निरीक्षक पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई सुनिश्चित करें। यदि किसी भी क्षेत्र में अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों या लापरवाही की शिकायत मिली, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। हमारी प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा और शासन के राजस्व की रक्षा है, इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई को सहन नहीं किया जाएगा।
शराब तस्कर गिरफ्तार, रात में दोगुने दामों पर बेचता था शराब
अवैध शराब के खिलाफ चल रहे सघन अभियान के तहत गौतमबुद्ध नगर में आबकारी विभाग को रविवार रात बड़ी सफलता हाथ लगी। आबकारी निरीक्षक रवि जायसवाल व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में निर्माणाधीन गोदरेज कंपनी के गेट नंबर-1 के पास दबिश देकर एक शराब तस्कर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान अमित कुमार पुत्र प्रेम किशोर, निवासी ग्राम बल्लीया, जनपद बरेली के रूप में हुई है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के अनुसार आरोपी के पास से देशी शराब ब्रांड के कुल 45 पौवे बरामद किए गए, जिनकी प्रत्येक बोतल की धारिता 200 एमएल थी और सभी यूपी मार्का की थीं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन में लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदता था और फिर रात को जब ये दुकानें बंद हो जातीं, तब वह वही शराब अधिक दामों पर बेचता था। इस प्रकार वह शराब की किल्लत का फायदा उठाकर रात के समय अवैध मुनाफा कमाता था। इस पूरी कार्रवाई के तहत आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है। इस संयुक्त कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि अब विभाग की कार्यशैली सिर्फ निगरानी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हर स्तर पर कठोर प्रवर्तन कार्य किए जाएंगे। जिला प्रशासन और आबकारी विभाग की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि ऐसे सभी तस्करों की पहचान कर उन्हें एक-एक कर के कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेज किया जाएगा ताकि जनपद को अवैध शराब से पूर्णत: मुक्त किया जा सके।


















