मॉल में बाउंसरों ने ग्राहक को पीट-पीटकर मार डाला

नोएडा के गार्डन गैलेरिया मॉल में सनसनीखेज वारदात

नोएडा। शॉपिंग मॉल में ग्राहक और बार कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। ऐसे में बाउंसरों ने ग्राहक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। बाद में पीड़ित ने दम तोड़ दिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने 8 आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पूरे मामले की जांच चल रही है। नोएडा सेक्टर-39 में गार्डन गैलेरिया मॉल है। मॉल के भीतर लॉस्ट लेमन बार एंड रेस्टोरेंट हैं। पुलिस के मुताबिक बार में सोमवार की रात पार्टी करने कुछ युवक आए थे। किसी बात पर इन युवकों का बार कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया।

रात करीब 11 बजे विवाद गहराने पर बाउंसर बुला लिए गए। आरोप है कि बाउंसरों ने बृजेश राय (30) पुत्र श्रीकांत राय को बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल बृजेश राय को आनन-फानन में निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि बृजेश राय मूल रूप से बिहार के जनपद छपरा के हसनपुर गांव के रहने वाले थे। घटना की सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की। शिकायत के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

8 आरोपियों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस ने मॉल और बार के भीतर सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की। उधर, इस घटना से क्षेत्र में तनावपूर्ण महौल है। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, बृजेश राय के परिवार में कोहराम मचा है। बताया गया है कि वह कंपनी में कार्यरत सहपाठियों के साथ पार्टी मनाने मॉल में गए थे।