ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर जल्द ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएंगे। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है। गांव जगनपुर अफजलपुर के पास पेरीफेरल एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़े के लिए बनने वाले इंटरचेंज में सेक्टरों को भी जोड़े का प्रावधान किया जाएगा। इसके निर्माण पर करीब 18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे सेक्टर के लोगों को राहत मिलेगी। यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ने के लिए जगनपुर अफजलपुर के पास इंटरचेंज बनना है। करीब डेढ़ साल पहले इस इंटरचेंज को बनाने के लिए कंपनी का चयन किया जा चुका है।
लेकिन, किसानों को अतिरिक्त मुआवजा नहीं दिए जाने के चलते काम अटका है। मुआवजे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में मामला लंबित है। अदालत का फैसला आने के बाद इस पर आगे की कार्यवाही तेजी से बढ़ेगी। इस इंटरचेंज को बनाने में करीब 76 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए करीब 54 हेक्टेयर जमीन की जरूरत पड़ेगी। इसके निर्माण का खर्च एनएचएआई देगा। इस इंटरचेंज में यमुना प्राधिकरण के सेक्टरों को जोड़ने का कोई प्रावधान नहीं था। अब इस इंटरचेंज में यमुना प्राधिकरण के सेक्टरों को जोड़ने की तैयारी है।
ग्रेटर नोएडा से आगरा जाते समय यमुना एक्सप्रेसवे के दाहिनी ओर 60 मीटर और बायीं ओर 30 मीटर चौड़ी सर्विस रोड है। इस दोनों सड़कों को इस इंटरचेंज से जोड़ा जाएगा ताकि दोनों ओर के प्राधिकरण के सेक्टर आपस में जुड़ जाएं। इससे सेक्टर के लोग भी ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर आसानी से जा सकेगे। यमुना प्राधिकरण ने इसका डिजाइन तैयार करवा लिया है। इसके निर्माण पर करीब 18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मंगलवार को होने वाली बोर्ड बैठक में यमुना प्राधिकरण इसके डिजाइन को प्रस्तुत करेगा। इसके निर्माण का खर्च यमुना प्राधिकरण वहन करेगा।
















