आबकारी और पुलिस टीम ने शराब की दुकानों में की जांच, विक्रेताओं में मचा हड़कंप

पास मशीन का संचालन सुचारु रुप से चालू रखने और साफ-सफाई रखने के दिए निर्देश

गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब विक्रेताओं की धरपकड़ तेज करने के साथ ही लाइसेंसी दुकानों पर भी पुलिस व आबकारी विभाग की टीमें छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल किसी लाइसेंसी दुकान पर किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं मिली है। स्टाक व बिक्री रजिस्टरों का मिलाना कराया गया है। दुकानों में रखी शराब की शीशियों की जांच की गई है। हालांकि चेकिग में कहीं भी मिलावट नहीं पाई गई है। हिदायत दी कि किसी भी ग्राहक को निर्धारित मात्रा से अधिक शराब की बिक्री न करें। इसका उल्लंघन करने पर लाइसेंस निरस्त कराने के साथ ही विधिक कार्रवाई की जाएगी। अवैध शराब के कारोबार को खत्म करने के साथ-साथ शराब अनुज्ञापियों को नियमों का पाठ पढ़ाने से आबकारी अधिकारी नहीं चूक रहे है। जिससे जिले में ओवर रेटिंग की समस्याओं को पूरी तरह किया जा सकें। औचक निरीक्षण से शराब विक्रेताओं में हड़कंप देखने को मिला। आबकारी निरीक्षक ने पास मशीन का संचालन सुचारु रुप से चालू रखने और साफ-सफाई के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने पास मशीन से ही शराब बिकी पर जोर देते हुए इसके संचालन में कोताही न बरतने की अपील की है। आबकारी अधिकारी की सख्ती को देखकर अनुज्ञापी भी सख्ते में आ गए है।

जहां उन्हें लगता था कि आबकारी विभाग की टीम सिर्फ शराब तस्करों पर कार्रवाई करने में ही व्यस्त है, लेकिन दुकानों पर भी सख्ती देखकर अब शराब विक्रेता भी नियमानुसार शराब बिक्री कर रहे है। उन्हें पता है कि शराब पर ओवर रेटिंग उन्हें जेल भिजवा सकती है। इसके अलावा उन्हें इस रोजगार से हमेशा के लिए दरवाजे भी बंद कर सकती है। शराब पर ओवर रेटिंग करने पर सिर्फ जेल भेजने की कार्रवाई नहीं होगी, बल्कि उसे आबकारी विभाग के पोर्टल से पूरी तरह ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में लगातार चेकिंग एवं शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसके साथ ही प्रतिदिन आबकारी निरीक्षकों के साथ बैठक कर उन्हें कार्रवाई करने के नए-नए टिप्स दिए जा रहे है। जिससे गौतमबुद्ध नगर को अवैध शराब के कारोबार से पूरी तरह मुक्त किया जा सकें। साथ ही आबकारी निरीक्षकों द्वारा प्रतिदिन की जा रही कार्यों की समीक्षा भी की जा रही है। गुरुवार रात को सहायक पुलिस आयुक्त प्रथम प्रवीन कुमार एवं आबकारी निरीक्षक रवि जायसवाल की टीम के साथ सेक्टर 94 स्थित शराब की दुकानों का निरीक्षण किया गया। आस-पास के स्थलों पर अवैध रूप से शराब का प्रयोग ना हो, इसके लिए सभी विक्रेताओं को भी हिदायत दी गई। साथ ही शराब की दुकानों पर भी गुप्त टेस्ट परचेजिंग कराई गई।

दुकानों पर निरीक्षण के दौरान विक्रेताओं को चेतावनी दी गई कि नियमानुसार शराब की बिक्री करें और ज्यादा से ज्यादा ऑन लाइन पेमेंट के लिए भी ग्राहकों को जागरूक करें। ऑनलाइन पेमेंट लेने से काफी हद तक शराब पर होने वाली ओवर रेटिंग की शिकायतों पर रोक लग सकती है। कई बार ऐसा भी देखने को मिलता है कि ग्राहक अपने हित के लिए शराब विक्रेता पर भी झूठे आरोप लगा देता है। बिना पॉश मशीन से स्कैन किए किसी को भी शराब ने दें। इसके साथ ही टीम द्वारा रेस्टोरेंट पर भी चेकिंग अभियान चलाया गया। रेस्टोरेंट, बार संचालकों को बिना लाइसेंस के शराब पार्टी करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। उन्होंने बताया जनपद में अवैध शराब के कारोबार को खत्म करने के लिए जन जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। जांच में अल्कोहल का मापक सही मिला है। अपने यहां किसी तरह की मिलावट आदि नहीं मिली है। समय-समय पर रेंडम चेकिंग कराई जाती है। किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई करते हुए शराब दुकान का लाइसेंस निरस्त किया जाता है।