-80 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर 200 किलोग्राम लहन को किया नष्ट
-अवैध शराब का निर्माण कर रहे महिला समेत दो तस्करों को दबोचा
-हाइवे पर मुस्तैद आबकारी विभाग की स्पेशल टीम ने बढ़ाई शराब माफिया की मुश्किलें
लखनऊ। जनपद के देहात क्षेत्र में शराब माफिया अपने हरकतों से बाज नही आ रहे है। आबकारी विभाग की सख्ती के बाद भी तस्कर मौका मिलते ही अवैध तरीके से महुआ शराब का निर्माण करने में जुट जाते है। हालांकि आबकारी विभाग की सतर्कता के चलते वह अपने मंसूबों में अभी तक कामयाब नहीं हो पाए है। आबकारी विभाग की स्पेशल टीम की सख्ती से कई शराब तस्कर जनपद छोड़कर फरार हो गए हैं। जो तस्कर अभी सक्रिय हैं, उन्हें आबकारी विभाग कतई बख्शने के मूड में नहीं हैं। इसके चलते संदिग्ध स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमार कार्रवाई की जा रही है। जिला आबकारी विभाग की स्पेशल टीम हाईवे पर खुले ढाबों एवं दुकानों पर पैनी नजर रख रही है। इसके अलावा हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की भी सघन चेकिंग की जा रही है। कुछ गांवों के घर, खेत, आम के बगीचे, नहर और रेलवे किनारे क्षेत्र में शराब तस्करों के सक्रिय रहने की संभावना रहती है। इसके मद्देनजर यह टीम इन स्थानों को भी खंगाल रही है।
शराब माफिया पुलिस से बचने के लिए अक्सर हाईवे का सहारा लेते है। क्योंकि हाईवे पर कोई जांच पड़ताल नहीं होती थी, इसलिए वह बड़े आराम से गैर जनपदीय शराब का बेखौफ होकर कारोबार करते थे। मगर अब हाईवे पर मुस्तैद आबकारी विभाग की स्पेशल टीम की कार्रवाई के चलते शराब का कारोबार पूरी तरह से ठप्प हो गया है। आबकारी विभाग का खुफिया तंत्र इतना मजबूत है कि इधर शराब माफिया अवैध शराब का कारोबार शुरू करते हुए, उधर विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर सुलग रही शराब की भट्ठी को ध्वस्त कर देती है। जिससे तस्करों की मुश्किलें भी बढ़ी हुई हैं। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने देहात क्षेत्र में दबिश देकर 80 लीटर अवैध कच्ची शराब और 200 किलोग्राम लहन बरामद किया है। साथ ही एक महिला समेत दो तस्करों को भी किया है। आबकारी विभाग ने चुनाव में अवैध रूप से शराब का निर्माण, बिक्री एवं परिवहन करने वाले माफिया पर नकेल कसने के लिए मुखबिरों का जाल फैलाया है।
यह मुखबिर उम्मीदवार के साथ उनके लोगों के समूह पर निगरानी रख उनकी हर गतिविधि की जानकारी विभाग को दे रहे हैं। जिसके चलते इस बार चुनावी माहौल में अवैध शराब का कारोबार करने में माफिया नाकामयाब नजर आए। चुनाव कोई भी हो मादक पदार्थों की मांग सबसे अधिक रहती है। शराब माफिया का नेटवर्क और काम करने का तरीका भी बहुत ही सधा हुआ है। मगर उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने में आबकारी विभाग की टीम लगातार कार्रवाई को अंजाम दे रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया लोकसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार को आबकारी निरीक्षक सेक्टर-3 रजनीश प्रताप सिंह एवं सेक्टर-5 विवेक सिंह ने प्रधान/आबकारी सिपाही नंद किशोर, सुनील मिश्रा, चाँदनी सिंह, अरुण प्रताप सिंह, नितिन सरोज के साथ थाना गोसाईगंज अंतर्गत ग्राम जौखंडी, महूराखुर्द और सूर्या मऊ के संदिग्ध घरों, खेतों, बगीचों, तालाबों एवं रेलवे लाइन के किनारे जैसे संदिग्ध स्थानों पर दबिश और छापेमारी की गई। दबिश के दौरान मौके से लगभग 80 लीटर अवैध कच्ची शराब एवं 200 किलोग्राम लहन बरामद किया गया।
कच्ची शराब को जब्त करते हुए बरामद लहन को मौके पर नष्ट कर दिया। आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में 2 अभियोग पंजीकृत किए गए। साथ ही अवैध शराब का निर्माण करने वाले महिला समेत दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त आबकारी विभाग की विभिन्न टीमों द्वारा जनपद की मदिरा की दुकानों का औचक निरीक्षण भी किया गया। साथ ही दुकानों पर गुप्त टेस्ट परचेजिंग भी कराई जा रही है।

जिला आबकारी अधिकारी
जनपद में अवैध शराब के परिवहन को रोकने के लिए आबकारी निरीक्षक सेक्टर-4 अरविंद पाल बघेल की टीम द्वारा लखनऊ-अयोध्या रोड पर संदिग्ध भारी वाहनों और हल्के वाणिज्यिक वाहनों की सघन तलाशी ली गई। वाहनों को चेक कर चालकों को सख्त रुप से चेतावनी भी दी गई। इसके अतिरिक्त जनपद के आबकारी अनुज्ञापनों का विभिन्न टीमों द्वारा औचक निरीक्षण भी किया गया। लोकसभा चुनाव को लेकर जनपद में शराब तस्करों के खिलाफ मुहिम निरंतर चलाई जा रही है। इसमें कामयाबी भी मिल रही है। सभी आबकारी निरीक्षक गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। आबकारी निरीक्षकों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं ताकि शराब तस्करों की बदली रणनीति को नाकाम किया जा सके। इसके अलावा जनपद के होटल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल, इवेंट बार, होटल बार, रेस्टोरेंट बार के साथ ही हाईवे, राजमार्ग, चेक पोस्ट एवं ढाबों पर लगातार चेकिंग करने के निर्देश दिए गये है। यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। साथ ही लाइसेंसी शराब की दुकानों का भी गुप्त टेस्ट परचेज करवाया जा रहा है। जिससे ओवर रेटिंग के मामलों पर रोक लगाई जा सकें। जनपद को अवैध शराब के कारोबार से पूरी तरह मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
राकेश कुमार सिंह
जिला आबकारी अधिकारी
लखनऊ।




















