ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण जगह-जगह लगाएगा शिविर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नरेंद्र भूषण ने कृषकों की भूमि क्रय किए जाने के लिए प्रस्तावित शिविरों के लिए मातहतों के साथ समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी दीप चंद्र, अमनदीप डुली, ओएसडी सचिन कुमार, एसपी शुक्ला, महाप्रबंधक परियोजना एके अरोड़ा, महाप्रबंधक नियोजन मीना भार्गव व उप-जिलाधिकारी शरद पाल आदि मौजूद रहे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में सुनियोजित विकास के लिए परस्पर सहमति के आधार पर कृषकों से औद्योगिक भू-उपयोग में दर्शित भूमि को प्राधिकरण द्वारा निर्धारित दर पर क्रय किया प्रस्तावित है। ग्रेनो प्राधिकरण द्वारा कृषकों की सुविधा के लिए ग्रामवार कैंप विभागीय कार्यालय के जन-सुनवाई के स्वागत कक्ष में किए जाने का निर्णय लिया गया है। ग्रेनो प्राधिकरण द्वारा अपने क्षेत्र के कृषकों को सुविधा उपलब्ध कराए जाने के आशय से यह नई व्यवस्था लागू की जा रही है।
इसके तहत अप्रैल में 5 कैंप तथा मई में 7 कैंप अर्थात 12 कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह व्यवस्था इस आशय के साथ लागू की जा रही है कि निर्धारित तिथि पर संबंधित गांवों के कृषक कोविड-19 प्रोटोकॉल के साथ उपस्थित होकर भूमि क्रय किए जाने से संबंधित कार्रवाई करा सकते हैं। ग्राम लडपुरा में 22 अप्रैल को, पौवारी दादूपुर में 23 को, सुनपुरा में 26 को, भोला रावत में 27 को, जोन समाना में 28 अप्रैल को, खेदना कला में 3 मई को, लडपुरा में 3 मई को, पौवारी दादूर में 5 मई को और सुनपुरा में 10 मई को यह कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप का समय सुबह साढ़े 10 से दोपहर एक बजे तक निर्धारित किया गया है।
















