गौर सिटी मॉल में आग से हड़कंप, कोई हताहत नहीं

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी मॉल में बुधवार को आग लगने से एकाएक हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना पाकर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आनन-फानन में मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर मॉल के भीतर दुकानें और शोरूम बंद कर दिए गए। आगंतुकों को बाहर निकाला गया। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग पर काबू पा लिया गया है। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालाकि काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही।

बिसरख थानांतर्गत गौर सिटी मॉल में प्रतिदिन की तरह बुधवार को भी काफी चहल-पहल थी। बताया गया है कि मॉल के भीतर बाटा का शोरूम है। इस शोरूम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। ऐसे में शोर-शराबा मच गया। जरा सी देर में धुआं फैलना शुरू हो गया। शोरूम के आस-पास की दुकानों और अन्य शोरूम को एकाएक बंद कर दिया गया। मॉल में आए नागरिकों को बाहर कर दिया गया। हादसे की सूचना पुलिस और दमकल विभाग की टीम को दी गई। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

दमकल विभाग का कहना है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी। किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। उधर, सेक्टर-20 कोतवाली क्षेत्र में जेजे कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति अलाव की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां से पीड़ित को सफदरगंज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जेजे कॉलोनी निवासी शब्बीर घर में अलाव जलाकर आग ताप रहा था। इस बीच आग ने उसके कपड़े को पकड़ लिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।