अवैध निर्माण पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सख्त, बिल्डर सहित 8 पर एफआईआर

ग्रेटर नोएडा। अवैध निर्माण के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण काफी सख्त नजर आ रहा है। ग्रेनो प्राधिकरण ने अवैध निर्माण की शिकायत मिलने पर बिल्डर सहित 8 व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इस कार्रवाई के जरिए प्राधिकरण ने साफ संदेश दे दिया है कि अवैध निर्माण को किसी सूरत में बरदाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र नॉलेज पार्क-4 के अंतर्गत वैदपुरा गांव में यह मामला सामने आया है। जहां भूमि पर अवैध निर्माण कर लिया गया।

शिकायत मिलने पर ग्रेनो प्राधिकरण के वर्क सर्किल टू के सहायक प्रबंधक ने पुलिस में शिकायत की। इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण वर्क सर्किल-2 के सहायक प्रबंधक अमित कुमार ने पुलिस में मैसर्स बीआरडी इंफ्राटेक कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार के अलावा अजय गर्ग, अभिनव, अविनाश भाटी, रोहित कुमार, नीरज शर्मा, जयप्रकाश व नरेश कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सहायक प्रबंधक ने बताया कि वैदपुरा गांव की भूमि अधिसूचित क्षेत्र में है।

प्राधिकरण ने वहां अवैध निर्माण न करने के संबंध में चेतावनी बोर्ड भी लगाए हैं। इसके बावजूद प्राधिकरण की अनुमति के बिना और नक्शे पास कराए बगैर बिल्डर द्वारा अवैध निर्माण कर लिया गया है। आरोपियों द्वारा नागरिकों को गुमराह कर अवैध प्लॉट बेचे जा रहे हैं। उधर, ईकोटेक-3 प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सहायक प्रबंधक की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।